महिला की हत्या में जमानत पर छूटे आरोपित का मिला शव

सात दिन से था लापता

उन्नाव के हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव में लापता युवक का शव
Thu, 07 Oct 2021
उन्नाव,की हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के लालपुर गांव के बाहर बाग में सात दिन से लापता युवक का शव पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। महिला की हत्या के मामले में वह जेल गया था और जमानत पर बाहर था। बीते 30 सितंबर से लापता हाेने पर स्वजन उसकी तलाश कर रहे थे। स्वजन ने उसकी हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाया है, जिसपर पुलिस ने जांच शुरू की है।

हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के लालपुर गांव निवासी बबलू राठौर पर एक साल पहले महिला की हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था और पुलिस ने उसे गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। कुछ दिनों पहले ही वह जमानत पर जेल से रिहा होकर आया था। विगत 30 सितंबर को वह खेत पर किसी काम से गया था। उसके बाद वह घर नहीं लौटा था। स्वजन ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी थी। हालांकि पुलिस ने शिकायत पर गंभीरता नहीं दिखाई थी। गुरुवार की सुबह गांव के बाहर अनंत सिंह के बाग में झाड़ियों से बदबू आने पर ग्रामीणों ने जाकर देखा तो बबलू का शव पड़ा था। लोगों ने सूचना स्वजन व पुलिस को दी।

पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव से काफी बदबू आ रही है, जिससे वह कई दिन पुराना लग रहा था। स्वजन ने हत्या कर शव झाड़ियों में फेके जाने की आशंका जताई है। गले में प्लास्टिक की रस्सी बंधी मिली है, जिसका एक टुकड़ा पास के पेड़ से भी बंधा मिला है। इंस्पेक्टर महेश चंद्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया फांसी लगाने की बात सामने आ रही है। बारिश व वजन होने से रस्सी टूट गई होगी और शव नीचे आ गिरा होगा। फील्ड यूनिट से जांच कराई जा रही है, मामले में जांच कर कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *