जिला अस्पताल पुरुष के सीएमएस को हटाने को भेजा चौथा डीओ

कानपुर देहात के जिला अस्पताल पुरुष की बागडोर संभाल पाने से हाथ खड़े कर चुके सीएमएस को हटाकर दूसरे सीएमएस की तैनाती के लिए डीएम ने शासन को चौथा डीओ लिखा है। इससे पहले वह जिला महिला अस्पताल की सीएमएस को चार्ज देने का अनुरोध भी शासन से कर चुके हैं।
जिला अस्पताल पुरुष में स्वास्थ्य सेवाओं का बुरा हाल है। साफ पानी की आपूर्ति, साफ सफाई, निजी अस्पतालों के दलालों की घुसपैठ, ओपीडी संचालन की दिक्कत, ड्यूटी पर तैनात व ऑन कॉल डॉक्टरों के नदारद रहने जैसी तमाम दिक्कतें हैं। शासन से निष्चेतक डॉ. राजीव गुप्ता को जिला अस्पताल पुरुष का सीएमएस बनाकर भेजा गया था। इधर, तैनाती के एक माह बाद ही उन्होंने डीएम को पत्र लिखकर जिला अस्पताल नहीं संभाल पाने और खुद को प्रशासनिक दायित्वों से मुक्त करने का अनुरोध किया था। इस पर डीएम ने चार अगस्त को पहला डीओ शासन को लिखा था।

अपर मुख्य सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण को भेजे पत्र में डीएम ने जिला अस्पताल महिला की सीएमएस डॉ. वंदना सिंह को प्रभारी बनाने का अनुरोध भी किया था। इसके बाद 10 अगस्त, 2 सितंबर व 11 अक्तूबर को डीएम ने शासन को मौजूदा सीएमएस को हटाकर दूसरे सीएमएस की तैनाती का अनुरोध किया है। हालांकि अब तक शासन से कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुुआ है।

डीएम जेपी सिंह ने बताया कि जिला अस्पताल पुरुष के अव्यवस्था व अनियमितता की स्थिति पर लगातार अखबारों में खबरें छप रही हैं। इससे शासन व जिला प्रशासन की छवि प्रभावित हो रही है। सीएमएस डॉ. राजीव गुप्ता के प्रशासनिक कार्यों का निर्वहन करने में असहज होने और कार्यों की जटिलता महसूस करने पर उन्हें हटाने के लिए शासन से कई बार पत्राचार किया गया है। फिर से शासन को डीओ भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *