डेंगू व बुखार से दो महिलाओं की मौत, कानपुर देहात में अब तक 76 की जा चुकी जान

कानपुर देहात जिले में डेंगू व बुखार का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को डेंगू व बुखार से दो महिलाओं की मौत हो गई। वहीं अब तक डेंगू व बुखार से 76 लोग दम तोड़ चुके हैं।

गजनेर क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी माधुरी (40) पत्नी गोरेलाल को पिछले कई दिनों से बुखार आ रहा था। हालत बिगड़ने पर गुरुवार को भतीजा आशीष व बेटी कंचन दोपहर में माधुरी को जिला अस्पताल अकबरपुर लेकर आए। यहां डॉ. मयंक मिश्रा ने महिला को मृत घोषित कर दिया। परिजन बिना शव का पोस्टमार्टम कराए लेकर वापस चले गए।

वहीं संदलपुर क्षेत्र के हिसांवा निवासी किसान वीरेंद्र कुमार ने बताया कि पत्नी उमा देवी (45) को पिछले 15 दिन से बुखार आ रहा था। गांव के ही डॉक्टर से इलाज करा रहे थे। आराम ना मिलने पर उमा को कानपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
वहां डेंगू होने की पुष्टि हुई। गुरुवार को इलाज के दौरान उमा ने दम तोड़ दिया। सीएमओ डॉ. एके सिंह ने बताया कि डेंगू व बुखार से दो महिलाओं की मौत होने की जानकारी नहीं है। स्वास्थ्य टीम को भेजा जाएगा।

अल्ट्रासाउंड कक्ष बंद रहने से मरीज परेशान

जिला अस्पताल में गुरुवार को अल्ट्रासाउंड कक्ष बंद होने से मरीजों को परेशानी उठानी पड़ी। तीमारदार अपने मरीजों को लेकर अल्ट्रासाउंड कक्ष के बाहर इंतजार करते हैं, काफी समय बाद स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने डॉक्टर के न आने की जानकारी तीमारदारों को दी। बाद में लोग व्यवस्थाओं को कोसते हुए बैरंग लौटने को मजबूर रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *