हत्या वाले दिन शाम सात बजे रेलवे ट्रैक पहुंची थी ज्योति

कानपुर की ज्योति हत्याकांड में जैसे-जैसे पुलिस की जांच आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे हत्याकांड की गुत्थी और उलझती जा रही है। जांच में ज्योति ने हत्या वाली शाम को सात बजे रामादेवी रेलवे ट्रैक पार तो किया, लेकिन उसके बाद क्या हुआ, पुलिस इस लीड को नहीं जोड़ पा रही है। अब पुलिस हत्या के राजफाश के लिए रेलवे पुलिस बल (आरपीएफ) से संपर्क कर रही है।

चकेरी के गिरिजा नगर निवासी प्राइवेट कर्मी संतोष मिश्रा की 23 वर्षीय बेटी ज्योति शिवकटरा स्थित एक कंसलटेंसी में टेलीकालर की नौकरी करती थी। 25 अक्टूबर को वह ड्यूटी गई, लेकिन घर नहीं लौटी। स्वजन ने चकेरी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। 26 अक्टूबर की सुबह भाभा नगर स्थित रेलवे ट्रैक के किनारे ज्योति का अधजला शव मिला था। घटना के बाद पीड़ित पिता ने अमित और उसकी महिला मित्र विमल पर बेटी का अपहरण कर हत्या करने व साक्ष्य मिटाने का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने 27 अक्टूबर को अमित व उसकी प्रेमिका विमल को ज्योति की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस की अब तक की जांच में ज्योति की हत्या की पुष्टि तो हो गई है। इसके बावजूद पुलिस नामजद हत्यारोपितों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य एकत्रित नहीं कर पाई है। उन्होंने कैसे वारदात को अंजाम दिया है, इसका राजफाश होना बाकी है। एसीपी कैंट मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि 25 अक्टूबर को ज्योति आफिस से छह बजे के बाद घर जाने के लिए निकली थी। करीब सात बजे ज्योति रामादेवी रेलवे ट्रैक के पास स्थित एक इलेक्ट्रानिक की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पैदल रेलवे ट्रैक की ओर जाते हुए दिखाई दे रही है। ट्रैक के पास स्थित मजार की देखरेख करने वाले शख्स ने जानकारी दी है कि ज्योति ने रेलवे ट्रैक भी पार किया था। उसके बाद वह किस रास्ते से घर की ओर बढ़ी थी, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल घटना की रात रेलवे ट्रैक पर किसकी ड्यूटी थी, इसके लिए आरपीएफ से संपर्क किया जा रहा है।

————–

एडीसीपी पूर्वी व एसीपी कैंट ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

कानपुर की घटना के राजफाश के लिए सोमवार भोर को एडीसीपी पूर्वी सोमेंद्र मीणा घटनास्थल पहुंचे और निरीक्षण किया। एसीपी कैंट मृगांक शेखर पाठक और इंस्पेक्टर क्राइम अमित भड़ाना दोपहर को रामादेवी रेलवे ट्रैक पहुंचे। एसीपी ने रेलवे ट्रैक से ज्योति के घर तक पैदल जाने वाले रास्ते को देखा। रेलवे ट्रैक से उसके घर के बीच लोगों से ज्योति के बारे में जानकारी की। हालांकि इसमें पुलिस को ज्यादा सफलता हाथ नहीं लगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *