कानपुर देहात में बुखार से व्यापारी की मौत, दो लोग मिले डेंगू पीड़ित

कानपुर देहात जिले में डेंगू व बुखार का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को बुखार पीड़ित मकरंदापुर निवासी एक व्यापारी की मौत हो गई। वहीं दो लोगों की रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आई है। जिले में डेंगू व बुखार से अब तक 82 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं स्वास्थ्य विभाग डेंगू से सिर्फ एक मौत होने की बात कह रहा है।

शिवली क्षेत्र के मकरंदापुर गांव निवासी व्यापारी चंद्रप्रकाश (40) मौजूदा समय में रसूलाबाद के केशवनगर में किराए के मकान में परिवार समेत रहते थे। उनकी कानपुर रोड पर कॉस्मेटिक की दुकान है। व्यापारी को पिछले दस दिनों से बुखार आ रहा था। उनका इलाज लखनऊ पीजीआई में चल रहा था।

सोमवार को चंद्रप्रकाश ने दम तोड़ दिया। जिस पर पत्नी रानी देवी, बेटी आकांक्षा, बेटा विकास आदि परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल रहा। परिजनों के अनुसार चंद्रप्रकाश को बुखार से आराम न मिलने पर हैलट व 26 अक्तूबर को लखनऊ के पीजीआई में भर्ती कराया। जहां उनकी मौत हो गई। सीएमओ डॉ. एके सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य टीम को मौके पर भेजा जाएगा।

उधर सरवनखेड़ा ब्लॉक के बिसायकपुर निवासी गंगाराम की पत्नी दीक्षा (27) को कई दिनों से बुखार आ रहा था। इस पर वह गांव में ही उपचार करा रही थी। उधर, स्वास्थ्य विभाग की टीम को सूचना मिली तो गांव पहुंच कर दीक्षा की रैपिड कार्ड से जांच की तो रिपोर्ट संदिग्ध आई। इसके बाद खून का सैंपल लेकर जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज कानपुर भेजा गया।
वहां एलाइजा जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गईं। दीक्षा का उपचार कानपुर के हैलट अस्पताल में चल रहा है। उधर, संदलपुर के निम्दापुर गांव निवासी रविंद्र का आठ वर्षीय बेटा योगेश पांच दिन से बीमार था। गांव के डॉक्टर से उसका इलाज चल रहा था। आराम न मिलने पर पिता रविंद्र ने स्वास्थ्य विभाग की टीम से संपर्क किया। रविवार देर रात आई रिपोर्ट में योगेश डेंगू पॉजिटिव मिला।

परिवार के लोग उसका इलाज निजी अस्पताल में करा रहे हैं। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव के 10 लोगों की जांच कर दवा दी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एके सिंह ने बताया कि जनपद में अभी तक 38 लोग डेंगू पॉजिटिव मिले हैं। एक की मौत हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *