अखिलेश यादव ने तोड़ी चुप्पी, बोले- चुनाव में प्रसपा से होगा गठबंधन और चाचा को मिलेगा पूरा सम्मान

इटावा में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चाचा शिवपाल की पार्टी से गठबंधन को लेकर आखिर अपनी चुप्पी तोड़ दी। उन्होंने सैफई में बुधवार को स्पष्ट कर दिया कि आने वाले यूपी विधानसभा चुनाव में प्रसपा से गठबंधन होगा। उन्होंने कहा कि चाचा शिवपाल सिंह यादव के दल प्रसपा से चुनाव में गठबंधन होगा और चाचा का पार्टी में पूरा सम्मान किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मिलकर दीपावली की बधाई दी और खाद, फसल व अन्य कारणों से दिवंगत किसानों की याद में एक दीपक जलाने की अपील की।

लोक निर्माण विभाग के डाक बंगले में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सभी छोटे क्षेत्रीय दलों से गठबंधन करेगी। नेताजी मुलायम सिंह यादव के जन्म दिन पर प्रसपा से गठबंधन के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि वे आज यही बात कहने जा रहे हैं कि गठबंधन पर पार्टी में उनका पूरा सम्मान किया जाएगा। कहा, ओमप्रकाश राजभर ने गठबंधन करके ऐतिहासिक काम किया है।

उन्होंने कहा कि आज दीपावली है, हम सभी लोग संकल्प लें कि सभी के जीवन में खुशियां आएं और उत्साह के साथ दीपावली मनाएं। वहीं एक विचार यह भी करना पड़ेगा कि आज भी लोग महंगाई के कारण त्योहार नहीं मना पा रहे हैं। गरीबी के कारण लोगों का पेट नहीं भर रहा है। आज ही एक खबर आई है कि किसान ने कर्ज के कारण बागपत में आत्महत्या कर ली। किसान संकट में है, प्रदेश में किसानों को कोई लाभ नहीं मिल रहा है। कई किसान खाद के लिए लाइन में लगकर अपनी जान दे चुके हैं। आज खेत में धान खड़ा है, धान की कीमत कहां मिलेगी, यह सरकार नहीं बता पा रही है। किसान को मजबूरन धान मंडी में बेचना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि बिजली महंगी हो गई है, खाद है नहीं, कीटनाशक दवाइयां, सब्जियां महंगी हो गई हैं। प्रदेश सरकार अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा पा रही है। जिस तरह से महंगाई बढ़ी है, उससे जनता दुखी है। कोरोना काल के बाद भी व्यापार अभी तक आगे नहीं बढ़ पाया है। कहा, आर्थिक संकट आखिर किसने पैदा किया है। आने वाले समय में भारतीय जनता पार्टी का सफाया होने वाला है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के कार्यों का ही उद्घाटन पूरे प्रदेश में किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से किसानों की याद में एक दीपक जलाने की भी अपील की। अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से डाक बंगले में मिलकर दीपावली की बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *