कार पर चढ़ी अनियंत्रित बस

कार पर चढ़ी अनियंत्रित बस, प्रसपा युवजन सभा के प्रदेश सचिव समेत चार लोगों की मौत, घर मे मचा कोहराम

कानपुर देहात में मंगलपुर थाना क्षेत्र के बहबलपुर गांव निवासी प्रसपा युवजन सभा के प्रदेश सचिव शिवसागर यादव गोवर्धन पूजा के अवसर पर शुक्रवार भोर परिवार के साथ पैतृक घर जा रहे थे। मथुरा के पास अनियंत्रित बस ने कार में टक्कर मार दी, जिससे प्रदेश सचिव उनकी मां समेत चार लोगों की मौत हो गई। वहीं छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया।

बहबलपुर गांव निवासी शिवसागर यादव प्रसपा युवजन सभा के प्रदेश सचिव थे, जबकि पिता वेद प्रकाश गाजियाबाद में पुलिस विभाग में तैनात है। गोवर्धन पूजा में शामिल होने के लिए शुक्रवार भोर पहर वह मां प्रेमलता, छोटा भाई निक्की, चचेरे भाई गौरव व मित्र आर्यन के साथ पैतृक गांव के लिए कार से निकले थे। मथुरा के समीप हाइवे पर तेज रफ्तार अनियंत्रित बस डिवाइडर तोड़ते हुए कार पर चढ़ गई। दर्दनाक घटना में कार सवार शिवसागर यादव, मां प्रेमलता, गौरव व आर्यन की मौत हो गई, जबकि छोटा भाई निक्की गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना गांव पहुंचते ही परिवारीजनों मे कोहराम मच गया। वहीं ग्रामीणों की भीड़ दुखी परिवार के घर के बाहर एकत्र हो गई। स्वजनों ने बताया कि गोवर्धन पूजा में शामिल होने के लिए सुबह सभी लोग कार से निकले थे। सूचना मिलते ही स्वजन मथुरा के लिए निकल गए। वहीं प्रसपा जिलाध्यक्ष राजेश सिंह कुशवाहा ने बताया कि शिवसागर यादव प्रसपा यूथ बिग्रेड में प्रदेश सचिव था। दुखद घटना की जानकारी मिली है। गांव में रहने वाले उनके परिवारीजनों से बात हुई है। शाम तक शव पहुंचने के बारे में उन्होंने बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *