संदिग्ध हालात में नाले में मिला युवक का शव

दीपावली के एक दिन पूर्व सौरिख निवासी अपनी बुआ के यहां से घर लौटै युवक सौरभ यादव का शव कानपुर देहात में रसूलाबाद के मक्का निवादा मोड़ पर नाले में पड़ा मिला। स्वजन ने दोस्तों पर शराब पिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस जांच कर रही है।

अकौढि़या गांव निवासी 20 वर्षीय सौरभ यादव बुधवार को अपनी सौंरिख, कन्नौज निवासी बुआ के यहां रहकर छोटे भाई गौरव संग पढ़ाई करता था। वह इंटर का छात्र था। दीपावली के पूर्व बुधवार को वह अपने घर लौटा था। शुक्रवार को अपराह्न तीन बजे करीब रसूलपुर निवासी अंकुल यादव एवं बांसखेड़ा निवासी ऋषभ यादव के साथ वह उनके गांव गया था। मां के पूछने पर उसने बताया कि दोस्त को भेजकर लौट आएगा। इसके बाद वह जब घर नहीं लौटा तो स्वजन ने इसकी खोजबीन की। उसके मोबाइल पर फोन किया, लेकिन फोन नहीं उठा। शनिवार सुबह खेतों में गए ग्रामीणों ने रसूलपुर रोड मक्का निवादा मोड़ के किनारे नाले में उसका शव देखा तो होश उड़ गए। पास में ही उसका मोबाइल भी पड़ा था। पुलिस पहुंची और मोबाइल में स्वजन का नंबर निकालकर जानकारी दी। स्वजन ने आरोप लगाया कि जो मित्र उसे साथ लेकर गए उन्होंने ही शराब पिलाकर मार डाला है। सौरभ के शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं मिला। मौत से छोटे भाई गौरव यादव, मां शीला देवी, बाबा राम नाथ यादव, चाचा सुभाष, विपिन, देवेंद्र आदि का रो रो कर बुरा हाल हो गया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का सही कारण पता चलेगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अकोढि़या गांव में दो मौत से मातम

गांव में सौरभ के अलावा एक अन्य युवक ज्ञान सिंह की भी मौत हो गई। इससे पूरे गांव में मातम छाया है। 30 वर्षीय अविवाहित ज्ञान सिंह यादव की कन्नौज में मार्ग दुर्घटना में मौत हो गई। अपनी मां की तेहरवीं का कार्ड बहन को देने बाइक से कन्नौज गया था जहां जान चली गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *