हादसे में प्रसपा युवजन सभा प्रदेश सचिव समेत चार लोगों की मौत

हादसे में प्रसपा युवजन सभा प्रदेश सचिव समेत चार लोगों की मौत, शिवपाल ने घर पहुंचकर जताई संवेदना
Sun, 07 Nov 2021
गाजियाबाद से कार से इटावा आ रहे प्रसपा युवजन सभा के प्रदेश सचिव, मां, चचेरा भाई व एक दोस्त की शुक्रवार को मथुरा में सड़क हादसे में मौत हो गई। मां, बेटे व चचेरे भाई के शव देर रात बहबलपुर पहुंचने पर परिजनों में कोहराम मच गया। शनिवार सुबह खेत में तीनों शवों का अंतिम संस्कार किया गया। वहीं तीसरे युवक का शव गाजियाबाद भेज दिया गया।

थाना मंगलपुर के गांव बहबलपुर निवासी सेवानिवृत्त पुलिस इंस्पेक्टर वेदप्रकाश यादव परिवार के साथ गाजियाबाद के अईनयन क्लब सी 49 में रहते हैं। उनका बेटा शिवसागर सिंह यादव प्रसपा युवजन सभा का प्रदेश सचिव था। शिवसागर गुरुवार की रात इटावा में लेबर कॉलोनी निवासी बुआ सुखरानी व सिविल लाइन निवासी बहन शीलम यादव से दीपावली पर मिलने के लिए कार से आ रहा था।

उसके साथ मां प्रेमलता (50), भाई मोहनीश उर्फ निक्की (18), चचेरा भाई गौरव यादव (23) व गाजियाबाद निवासी मित्र आर्यन (25) भी था। मथुरा के थाना नौहझील के पास एक वॉल्वो बस ने कार में टक्कर मार दी। इससे कार सवार शिवसागर, मां प्रेमलता, चचेरे भाई गौरव व दोस्त आर्यन की मौत हो गई। वहीं वॉल्वो बस चालक पठान कोट पंजाब निवासी बलंवत की भी मौके पर मौत हो गई।
गंभीर रूप से घायल मोहनीश उर्फ निक्की का आगरा के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। मथुरा में शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। आर्यन का शव उसके परिजन गाजियाबाद ले गए। वहीं बस चालक का शव पठानकोट पंजाब भेजा गया। सूचना पर पहुंचे परिजन शिवसागर, प्रेमलता व गौरव का शव लेकर शुक्रवार देर रात बहबलपुर गांव पहुंचे। शनिवार की सुबह गांव के बाहर खेत में तीनों शवों का अंतिम संस्कार किया गया।

प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जताई संवेदना

बहबलपुर गांव में एक साथ मां, बेटा व चचेरे भाई के शव पहुंचने पर माहौल गमगीन हो गया। अनहोनी की खबर पाकर शनिवार सुबह प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव बहबलपुर गांव पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने परिजनों से कहा कि शिवसागर यादव उनकी पार्टी के लिए बहुत महत्व रखता था। वह लगातार अच्छा काम रहा रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *