महिला हेल्प डेस्क की सिपाही से थाने में छेड़छाड़

महिला हेल्प डेस्क की सिपाही से थाने में छेड़छाड़, एसपी से शिकायत के बाद सहकर्मी लाइनहाजिर
Sun, 07 Nov 2021
उन्नाव में मिशन शक्ती के तहत महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों को रोकने के लाख प्रयास किए जा रहे हों, लेकिन जब महिला हेल्प डेस्क मे तैनात महिला सिपाही के साथ ही थाने में ही छेड़छाड हो जाए तो फिर कानून व्यवस्था पर सवाल उठना लाजमी हो जाता है। ऐसा ही एक मामला सामने आया है, अचलगंज थाने की महिला हेल्प डेस्क में तैनात महिला आरक्षी से उसके सहकर्मी ने छेड़छाड़ की। पीड़ित आरक्षी की शिकायत थाने पर सुनी नहीं गई। इसपर उसने एसपी कार्यालय में गुहार लगाई, जिसके बाद प्राथमिक जांच हुई और आरोपित सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया गया है। वहीं सीओ बीघापुर को मामले की विस्तृत जांच करने के निर्देश एसपी ने दिये हैं।

घटना शुक्रवार रात करीब सवा 11 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित महिला आरक्षी ने बताया कि शुक्रवार रात उसकी ड्यूटी महिला हेल्प डेस्क पर थी। किसी के न आने पर वह 10:45 बजे थाने में ही ऊपर बने अपने आवास पर चली गयी। रात में थाने में तैनात आरक्षी राम विनय चहार ने उसे फोन कर नेवरना क्षेत्र की एक घटना का हवाला देकर बुलाया। जैसे ही वह महिला हेल्प डेस्क पहुंची राम विनय ने उससे छेड़छाड़ शुरू कर दी। पीड़िता के अनुसार इससे पहले भी राम विनय उसके साथ छेड़छाड़ का प्रयास कर चुका है। बदनामी के डर से उसने शिकायत नहीं की थी, जिसे उसने उसकी कमजोरी समझ लिया। पीड़िता ने बताया कि रात में ही उसने रोते हुए इंस्पेक्टर के आवास पर जाकर कुंडी खटखटायी, लेकिन इंस्पेक्टर का दरवाजा नहीं खुला। सुबह जिला मुख्यालय पहुंच कर एसपी दिनेश त्रिपाठी के बंगले पर गयी। लेकिन एसपी के न मिलने पर पीआरओ को शिकायती पत्र दिया। उसी शिकायती पत्र की जांच एसपी ने सीओ बीघापुर डीपी सिंह से करायी। सीओ की रिपोर्ट पर रविवार शाम एसपी दिनेश त्रिपाठी ने आरोपित आरक्षी को लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही सीओ को विस्तृत जांच करने का आदेश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *