शिवली के कुढ़वा गांव निवासी एक ट्रैवल्स एजेंसी संचालक ने बिकरू कांड के आरोपी के पुत्र समेत पांच लोगों के खिलाफ पांच लाख रुपये रंगदारी मांगने और गोली मारने की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।
कोतवाली शिवली के कुढ़वा गांव निवासी दीपक कुमार शुक्ला ने पुलिस को बताया कि वह ट्रैवल्स एजेंसी चलाता है। उसकी गाड़ियां कानपुर नगर में चलती हैं।
आरोप लगाया कि करीब 15 दिन से बिकरू कांड के आरोपी गुड्डन त्रिवेदी उर्फ अरविंद का पुत्र सचिन त्रिवेदी उर्फ कन्हैया व उसके गुर्गे गांव निवासी सुधीर मिश्रा उर्फ बौआ, अनिरुद्ध त्रिवेदी उर्फ लालजी, उमेश त्रिवेदी व प्रह्लाद त्रिवेदी पांच लाख रुपये रंगदारी की मांग कर रहे हैं।
इसके साथ ही मुकदमे में गवाही दिलवाने पर गोली मारने की धमकी दी जा रही है। 25 नवंबर तक रुपये नहीं देने पर उसे व चार अन्य भाइयों को जान से मारने की धमकी दी है।
थाना प्रभारी मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर पांचों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। विवेचना के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
