गैर मुस्लिम किशोरी का जबरन निकाह कराने वाले मौलवी की तलाश

फतेहपुर में मतांतरण : गैर मुस्लिम किशोरी का जबरन निकाह कराने वाले मौलवी की तलाश, 2021 में बनाया था शिकार
Mon, 15 Nov 2021
फतेहपुर में इटावा शहर की एक हिंदू किशोरी से दुष्कर्म बाद मतांतरण कराकर उसके साथ निकाह करने में जेल गए आकांक्षा नर्सिंग होम संचालक मो. जुनैद का निकाह नामा पुलिस के हाथ लग गया है। जिसमें निकाह कराने वाले मौलवी के उर्दू, दो गवाहों के साथ संचालक व पीडि़ता के हस्ताक्षर अंग्रेजी व हिंदी में हैं। जिससे अब पुलिस मौलवी व गवाहों के साथ उनके स्वजन की तलाश में छापेमारी कर रही है।

बता दें कि इटावा जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मुहल्ला निवासी 17 वर्षीय हिंदू किशोरी का इलाज कराने के बहाने उसे शहर के, बाकरगंज निवासी आकांक्षा नर्सिंग होम संचालक मो. जुनैद खान छह मई 2020 को अपने घर ले आया था। घर पर नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म कर आपत्तिजनक वीडियो बना लिया था। अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर संचालक ने किशोरी को इटावा से फिर घर बुलाया। इसके बाद डरा धमका कर 11 मई 2021 को किशोरी का मतांतरण कर संचालक ने निकाह कर लिया था। पीडि़ता की तहरीर पर पुलिस ने 18 अक्टूबर को मो. जुनैद खान के खिलाफ पाक्सो एक्ट के तहत धोखाधड़ी, दुष्कर्म व मतांतरण की धारा पर मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

गवाहों में मो. शकील व सिद्दीकी ने किए थे हस्ताक्षर : पुलिस के हाथ लगे निकाहनामा में मौलवी, दो गवाह, संचालक मो. जुनैद, मतांतरण बाद किशोरी के रखे गए मायरा खान के अंग्रेजी में हस्ताक्षर हैं। गवाहों में मो. शकील मो. सिद्दीक के अंग्रेजी-हिंदी में हस्ताक्षर किया है जिससे पुलिस ने अब इन दो गवाहों की तलाश तेज कर दी है। चर्चा रही कि रात को पुलिस ने इनके मुराइनटोला, बाकरगंज व खेलदार स्थित घरों में छापेमारी कर स्वजन से पूछताछ की है, हालांकि गवाह नहीं मिले।

मौलवी व गवाहों पर 120 बी में होगी कार्रवाई: विवेचक प्रभूनाथ यादव ने बताया कि पीडि़ता से निकाहनामा मिल गया है। जिसमें गवाहों मो. शकील व मो. सिद्दीक के हिंदी व अंग्रेजी में हस्ताक्षर हैं लेकिन मौलवी के हस्ताक्षर उर्दू में है इसलिए मौलवी के नाम की अभी तस्दीक की जा रही है। इन तीनों के नाम व पता प्रकाश में आने के बाद मतांतरण व निकाह कराने साजिश रचने में 120 बी के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद अतिशीघ्र चार्जशीट लगाई जाएगी। कहा कि अभी मो. जुनैद द्वारा नर्सिंग होम में आने वाली महिला मरीजों के बनाए गए वीडियो की क्लिप पीडि़ता से नहीं मिली है।

इनका ये है कहना:

इटावा शहर की एक किशोरी का मतांतरण करवाकर उसका निकाह कराने वाले मौलवी व गवाहों की तस्दीक की जा रही है। कोतवाली इंस्पेक्टर को तस्दीक बाद अतिशीघ्र मौलवी व गवाहों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए हैं। – राजेश कुमार सिंह, एसपी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *