मुख्यमंत्री और राज्यपाल करेंगे राष्ट्रपति की अगवानी

24 और 25 नवंबर को शहर में रहेंगे राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द
Wed, 17 Nov 2021
कानपुर में 24 नवंबर को शहर आ रहे राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द का चकेरी एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदी बेन पटेल स्वागत करेंगी। अभी मुख्यमंत्री और राज्यपाल का प्रोटोकाल जारी नहीं हुआ है, लेकिन इसके संकेत शासन से प्रशासनिक अफसरों को दे दिए गए हैं। मंगलवार को मंडलायुक्त डा. राजशेखर ने पुलिस आयुक्त असीम अरुण के साथ मेहरबान सिंह का पुरवा स्थित चौधरी हरमोहन सिंह पैरा मेडिकल इंस्टीट्यूट और एचबीटीयू का निरीक्षण किया। वहां तैयारियों का जायजा लेने आए प्रमुख सचिव प्राविधिक शिक्षा अमृत अभिजात को अधिकारियों ने तैयारियों की जानकारी दी। उन्हें मिनट टू मिनट कार्यक्रम के बारे में बताया गया। एचबीटीयू में निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर प्रमुख सचिव ने नाराजगी जाहिर की।

राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द पूर्वाह्न 11.05 बजे विशेष विमान से पत्नी सविता कोविन्द के साथ चकेरी एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। वहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदी बेन पटेल उनकी अगवानी करेंगी। राज्यपाल व मुख्यमंत्री उनके साथ चौधरी हरमोहन सिंह पैरा मेडिकल इंस्टीट्यूट भी जा सकते हैं। इंस्टीयूट में हेलीपैड बनाया जा रहा है। मंडलायुक्त डा. राज शेखर, पुलिस आयुक्त असीम अरुण और डीएम विशाख जी अय्यर ने हेलीपैड के साथ ही कार्यक्रम स्थल को देखा। प्रवेश व निकास द्वार के साथ ही अतिथियों के बैठने, मंच पर कौन-कौन उपस्थित रहेंगे के बारे में जाना। कार्यक्रम आयोजक मोहित यादव ने उन्हें तैयारियों की जानकारी दी। 25 को राष्ट्रपति एचबीटीयू के शताब्दी वर्ष समारोह में हिस्सा लेंगे। वहां भी हेलीपैड बनाया जा रहा है। कार्यक्रम स्थल पर हो रहे निर्माण कार्यों की धीमी गति पर प्रमुख सचिव अमृत अभिजात ने आवास विकास परिषद के अधिशासी अभियंता को फटकार लगाई और कहा कि तेजी से काम करें। लापरवाही हुई तो कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने डीएम से कहा कि जो भी कार्य हों वे गुणवत्तापूर्ण हों। मंडलायुक्त ने उन्हें हर कार्यक्रम की रूपरेखा बताई। कुलपति प्रो. समशेर ने के साथ प्रमुख सचिव ने बैठक की और कार्यक्रम के संबंध में जरूरी दिशा निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *