कार्तिक पूर्णिमा स्नान आज, सेंगुर नदी तट के दुर्वासा आश्रम और यमुना नदी तट के मां मुक्तेश्वरी घाट पर लगेगा मेला
Fri, 19 Nov 2021
कानपुर देहात के पुखरायां एवं मूसानगर के विकास खंड मलासा के निगोही-महोलिया गांव के पास सेंगुर नदी के तट पर स्थित ऋषि दुर्वासा आश्रम और मूसानगर में उत्तरवाहिनी यमुना स्नान व सिद्ध पीठ माता मुक्तेश्वरी मंदिर प्रांगण में कार्तिक पूर्णिमा पर शुक्रवार को मेला लगेगा। जिसकी तैयारियां की जाती रहीं। वहीं दुकानदार भी पहुंचने लगे।
कार्तिक पूर्णिमा पर विकास खंड मलासा के निगोही-महोलिया गांव के समीप सेंगुर नदी के तट स्थित ऋषि दुर्वासा आश्रम गऊ घाट में पौराणिक स्नान और प्रांगण में मेला लगता है। भक्त ऋषि दुर्वासा की गद्दी व प्रतिमा के दर्शन करते हैं। वहीं मनौती के आधार पर पताकाओं को चढ़ाने की परंपरा है।
लोग विभिन्न प्रकार से टोलियों में ढोल-बाजे के साथ पहुंचते हैं। नदी इस पार मेला परिसर रास्तों में बरौर थाना क्षेत्र होने के कारण और नदी के उस पार अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र पुलिस के द्वारा सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।
वहीं मूसानगर नगर पंचायत के ईओ पवन कुमार मौर्य ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा में उत्तर वाहिनी यमुना नदी में स्नान व सिद्ध पीठ माता मुक्तेश्वरी मंदिर में मेले का आयोजन होता है। जिसको लेकर तैयारियां कराई जा रही हैं।
माता मुक्तेश्वरी मंदिर से लेकर यमुना संपर्क मार्ग में रास्ता किनारे पानी से कटाव के गड्ढों को भरवाया जा रहा है। वहीं यमुना स्नान को जाने के रास्ते में प्रकाश का इंतजाम कराए जा रहे हैं।
परिसर में महिलाओं के लिए टेंट की व्यवस्था की गई है। वहीं गहराई में स्नान के लिए उतरने पर रोक लगाई गई है। थानाध्यक्ष दीपक सिंह ने बताया कि सुरक्षा के लिए पुलिस की तैनाती की गई है।
