महोबा में खाद लेने गए किसान की निर्ममता से हत्या कर फेंका शव, भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज

महोबा में समिति में खाद लेने गए किसान की हत्या कर शव एक आश्रम के पास फेंक दिया गया। घटना की जानकारी स्वजन को दूसरे दिन हो सकी। दिवंगत किसान के भाई ने पनवाड़ी में तीन लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। पुलिस ने एक आरोपित पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। आरोपित की तलाश की जा रही है।

थाना महोबकंठ के ग्राम कोटरा निवासी मलखान गांव में ही खेती किसानी करता था। इस समय उसके खेत में गेहूं की बुआई होनी थी। वह तीन बार समिति में जाकर वापस भी लौट चुका था। उसे गुरुवार को जानकारी मिली कि समिति में अब खाद आ गई है। दोपहर को वह घर से पांच हजार रुपये लेकर पनवाड़ी समिति में खाद लेने गया था। देर रात तक जब घर नहीं लौटा तो घर वालों को चिंता हुई। उसका भाई प्रहलाद उसकी तलाश के लिए आधी रात तक इधर उधर भटकता रहा। कोई सुराग न लगने पर घर लौट आया। भाई ने बताया कि ग्रामीणों से शुक्रवार को सूचना मिली कि उसके भाई का शव क्षत विक्षत हालत में आश्रम के पास पड़ा हुआ है। मौके पर जाकर देखा तो चेहरा पत्थर से कुचला हुआ था। मौके पर काफी खून भी बिखरा पड़ा था। पनवाड़ी थाना प्रभारी शिवआसरे ने बताया कि दिवंगत के भाई से मिली सूचना पर मौके का निरीक्षण किया था। किसान का पत्थर से चेहरा कुचला हुआ है। भाई प्रहलाद ने गांव के ही तीन लोगों पर उसके भाई की हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। जांच में बैंदों निवासी 60 वर्षीय वैरागी का नाम सामने आया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर हत्यारोपित की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *