ताजनगरी में बदला मौसम: दिनभर छाए रहे बादल, शाम को बूंदाबांदी, तापमान में आई गिरावट

आगरा में शुक्रवार को मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह से शाम तक पूरे दिन बादल छाए रहे। शाम चार बजे के बाद बूंदाबांदी शुरू हो गई। चंद मिनटों की बूंदाबांदी और दिनभर बादलों के छाए रहने के कारण शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो से तीन दिनों तक सुबह धुंध छाए रहने के आसार हैं।

शुक्रवार को शहर में हाईवे से लेकर आउटर की कॉलोनियों में दृश्यता कम रही। रेलवे ट्रैक पर 200 मीटर तक दृश्यता रही, जबकि जयपुर हाईवे, एक्सप्रेसवे पर 150 मीटर तक दृश्यता रही। अधिकतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात में पारा सामान्य से 3 डिग्री ऊपर रहा, जबकि दिन में यह सामान्य से 4 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक अगले तीन दिनों में सुबह धुंध छाई रह सकती है। न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री तक की गिरावट के आसार हैं।

खराब स्थिति में हवा

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार शाम चार बजे आगरा का एक्यूआई 295 रहा, जो कि खराब स्थिति में है। हालांकि पिछले एक सप्ताह की तुलना में एक्यूआई में सुधार हुआ है। जानकारों का कहना है कि बारिश होने के बाद एक्यूआई में और सुधार होगा।

बीते 15 दिन में यह रहा हवा का हाल

क्षेत्र एक्यूआई
आवास विकास 259-488
शाहजहां पार्क 244-490
संजय प्लेस 228-486
शास्त्रीपुरम 251-480
मनोहरपुर 208-460

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *