उन्नाव में केंद्र सरकार द्वारा कृषि कानूनों की वापसी की घोषणा के बाद विरोधी पार्टियां अभी भी सरकार को घेरती नजर आ रही
हैं। इसी बीच भाजपा से जिले के सांसद साक्षी महाराज ने एक बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि बिल तो बनते रहते हैं, बिगड़ते रहते हैं, वापस आ जाएंगे, दोबारा बन जाएंगे, कोई देर नहीं लगती है। अपने कार्यालय पर मीडिया से बात करते हुए साक्षी महाराज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए प्रथम राष्ट्र राष्ट्र सर्वोपरि है।
मोदी ने बिल और राष्ट्र में से राष्ट्र को चुना। जिन लोगों के गलत मंसूबे थे, मंचों से नारे लगा रहे थे खालिस्तान जिंदाबाद-पाकिस्तान जिंदाबाद। सरकार ने उनके ऊपर अच्छा प्रहार किया है। वहीं साक्षी महाराज ने पंजाब के कांग्रेस नेता सिद्धू के बयान पाकिस्तान के पीएम को अपना बड़ा भाई बताने पर कहा की सिद्धू के बयानों से उनकी पार्टी संकट में फंस जाती है, पर मैं संत होने के नाते सलाह देता हूं कि छोटे भाई को बड़े भाई के पास ही रहना चाहिए। वह बड़ा भाई मानते हैं तो पाकिस्तान चले जाना चाहिए। वहीं साक्षी ने राकेश टिकैत पर तंज कसते कहा की राकेश टिकैत क्या कहते हैं। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है। इस देश को मोदी पर भरोसा है। किसानों को मोदी पर भरोसा है, मोदी जो करेंगे वह राष्ट्र के हित में करेंगे। वहीं साक्षी महाराज ने राहुल गांधी और प्रियंका को चैलेंज करते कहा की राजनीति के पप्पू को जवाब देने का कोई औचित्य नहीं है। 2022 चुनाव सामने हैं युद्ध के मैदान में आएं युद्ध लड़ें। अब भगवान ही करेंगे रोशनी का फैसला, जिस दिए में दम होगा उसी दिए को जलाएंगे। वहीं समाजवादी पार्टी की विजय यात्रा को लेकर अखिलेश पर तंज कसते हुए कहा की अखिलेश यादव खिसियानी बिल्ली खंभा नोच रही है। कितनी भी विजय यात्रा निकालें विजय यात्रा निकालने से विजय नहीं होती है। विजय तो रामजी की कृपा से योगी और मोदी के साथ है।
