कानपुर में सचेंडी के भाऊपुर रोड पर डंपर को साइड देने के दौरान ट्रैक्टर खंती में पलट गया। हादसे में चालक और किसान की मौत हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव निकाले और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सचेंडी के धरमंगदपुर गांव निवासी 42 वर्षीय हीरालाल किराये पर ट्रैक्टर से खोत जोतने का काम करते हैं। परिवार में पत्नी श्यामश्री, बच्चे आरती, अरुण और सागर हैं। बड़े भाई रामसजीवन के मुताबिक शनिवार दोपहर पड़ोसी गांव कटरा घनश्यामपुर निवासी रवि सिंह खेत की जोताई के लिए हीरालाल को ले गए थे। रात करीब 10 बजे दोनों ट्रैक्टर से लौट रहे थे। भाऊपुर रोड पर सामने से आ रहे डंपर को साइड देने के चक्कर में हीरालाल ने ट्रैक्टर को बाएं साइड किया। गड्ढे में पानी और कीचड़ भरा होने से कुछ समझ नहीं आया और ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खंती में पलट गया। हादसे में दोनों घायलों को पुलिस ने अस्पताल भेजा। जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। रवि के परिवार में पत्नी रिकी तीन बच्चे पूनम, अजय व नव्या हैं। कुछ दिन पहले ही रवि ने दोनों खेट बंटाई पर लिए थे। दोनों गांवों में शव पहुंचते ही कोहराम मच गया
———-
अनियंत्रित कार सरिया लदे डीसीएम में घुसी, आढ़ती की मौत
कानपुर : बाबूपुरवा में ईदगाह के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े डीसीएम में पीछे से जा घुसी। हादसे में बगाही निवासी आढ़ती 40 वर्षीय पंकज वर्मा की मौत हो गई। पंकज की नौबस्ता गल्लामंडी में आढ़त है। उनके परिवार में पत्नी नम्रता और बेटी भूवी है। पुलिस के मुताबिक स्वजन से हुई पूछताछ में सामने आया है कि पंकज मित्र के यहां शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे। बाबूपुरवा थाना प्रभारी देवेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि स्वजन की तहरीर पर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। ———-
कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत, हुई पहचान
नवाबगंज में विकास नगर डिपो के पास शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी थी। हादसे में विष्णुपुरी कालोनी निवासी 25 वर्षीय शुभम वर्मा और छपेड़ा पुलिया निवासी साथी विमल गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने दोनों को एलएलआर अस्पताल (हैलट) में भर्ती कराया था। जहां उपचार के दौरान शुभम की मौत हो गई थी। विष्णुपुरी निवासी शिवम ने मृतक के शव की पहचान बड़े भाई के रूप में की है।
