मंगलपुर थाना क्षेत्र में कपड़ा धोने के लिए तालाब को महिला गई थी। जहां वह अपने डेढ़ वर्षीय इकलौते पुत्र को भी साथ लेकर गई थी। कपड़ा धोने के दौरान महिला ध्यान नहीं दे सकी और बच्चा तालाब में चला गया और डूबकर जान चली गई।
ककलापुर गांव निवासी किसान जगदीश की पत्नी प्रियंका मंगलवार सुबह घर के पास तालाब में कपड़ा धोने के लिए गई थी। वह अपने इकलौते पुत्र आर्यन को साथ लेकर गई थी। इसके बाद तालाब किनारे उसे लेटाकर वह कपड़ा धोने में लग गई। इस दौरान आर्यन तालाब में चला गया और वह उसे जाते हुए नहीं देख पाईं। कुछ देर बाद देखा तो आर्यन तालाब में था उसे निकालकर वह सीएचसी लेकर गईं जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन जान चली गई। जिला अस्पताल के डा. पवन पार्या ने बताया कि तालाब में डूबने से जान गई है। परिवार बिना पुलिस कार्रवाई के ही शव लेकर चले गए।
