कानपुर में आरा मशीन संचालक ने नगर निगम टीम से की अभद्रता

कानपुर में आरा मशीन संचालक ने नगर निगम टीम से की अभद्रता, नाला साफ करने आए कर्मियों को भगाया
Fri, 26 Nov 2021
कानपुर में पनकी रोड पर बंद नाला खोलने गई टीम को आरा मशीन संचालक ने अभद्रता करके भगा दिया। नाला में आरा मशीन संचालक द्वारा भरी गई मिट्टी हटाने पर आरा मशीन संचालक ने नगर निगम के बुलडोजर चालक को पकड़ लिया और टीम को भगा दिया। लोगों ने बंद नाला खोलने को कहा तो अभद्रता करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। इस पर नगर निगम टीम बंद नाला खोले बिना ही लौट गई। साथ में मौजूद पुलिस भी मूकदर्शक बनी रही।

कल्याणपुर में पनकी रोड निर्माण के साथ नया नाला बनाया गया था। नाला बनने के तुरंत ही बाद जवाहरलाल स्कूल के पास आरा मशीन संचालक ने मिट्टी भरकर उसे बंद कर दिया। इससे पानी का बहाव बंद होने से नाली का पानी घरों में भर रहा है। साहब नगर की गली में पानी भरने से इलाके में डेंगू जैसी गंभीर बीमारी के पनपने का खतरा बना है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम के सफाई कर्मचारी भी आरामशीन संचालक से मिले हैं और उससे रुपए लेते हैं। लोगों के कहने पर भी वहां नाला नहीं खोलने दिया जाता है। दूसरी जगह ऊपर-ऊपर मामूली सफाई कर कर्मचारी खानापूर्ति कर चले जाते हैं। लोगों के विरोध करने पर सफाई मेट मथुरा कहता है कि पानी भरता है तो भरे, मैं आरा मशीन के सामने नाला नही साफ कराऊंगा। जिसे शिकायत करना है कर दे। मेरा कोई कुछ नहीं बिगड़ पाएगा। मेट की मनमानी से साहब नगर और पनकी रोड पर बने मकान के लोग समस्या से जूझ रहे हैं।

साहब नगर के लोगों ने मामले की शिकायत नगर निगम के उच्चाधिकारियों से की थी। जिस पर शुक्रवार को सफाई टीम बुलडोजर लेकर बंद नाला से मिट्टी हटाने पहुंची थी। लेकिन आरा मशीन संचालक बुलडोजर के सामने आ गया। चालक ने हटने को कहा तो उसे पकड़ लिया। सफाई सुपरवाइजर के विरोध करने पर गाली गलौज करते हुए उसके साथ अभद्रता शुरू कर दी। इस बीच आरा मशीन संचालक ने टीम को धमकी देते हुए दोबारा से नाला खोलने की गलती न करने की नसीहत दे डाली। बावजूद इसके जब साहब नगर के लोगों ने समस्या बताते हुए नाला खूले जाने का अनुरोध किया, तो आरा मशीन संचालक उनसे भी भिड़ गया। हैरानी की बात तो ये है कि चौकी पुलिस की मौजूदगी में आरा मशीन संचालक लोगों के साथ गाली गलौज व टीम को धमकियां देता रहा, लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी तमाशा देखती रही। कल्याणपुर इंस्पेक्टर अशोक कुमार दुबे ने बताया कि घटना के संबंध में जानकारी नहीं है। तहरीर मिलने पर आरोपित के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *