भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर जिले के कार्यालय नवीन मार्केट में प्रेस वार्ता को संबोधित किया

कानपुर भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ, उत्तर प्रदेश के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा ने आज भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर जिले के कार्यालय नवीन मार्केट में प्रेस वार्ता को संबोधित किया। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी समाज के सभी वर्गों के लिए काम कर रही है और व्यापारियों का पार्टी एवं भाजपा की सरकारें विशेष ध्यान रखती हैं। उन्होंने कहा कि मोदी जी की केंद्र की सरकार और योगी जी की उत्तर प्रदेश की सरकार में व्यापारियों के मान सम्मान की रक्षा हुई है। केवल भाजपा ही व्यापारियों के मान सम्मान की रक्षा के लिए हमेशा खड़ी हुई है। उत्तर प्रदेश में पिछली सरकारों में कांग्रेस, सपा, बसपा में हमेशा व्यापारियों का उत्पीड़न किया गया, लूटा गया। पिछली अखिलेश की सरकार में उत्तर प्रदेश में लूट, डकैती, हत्या, वसूली से उत्तर प्रदेश में जंगलराज कायम हो गया था। आये दिन व्यापारियों का उत्पीड़न होता था। कैराना, मुजफ्फरनगर, मेरठ, रामपुर, गाज़ीपुर जैसे जिलों से व्यापारी लगातार पलायन कर रहा था। आज भाजपा की योगी जी की सरकार में उत्तर प्रदेश में व्यापारी एवं आमजन भय मुक्त है और उत्तर प्रदेश मैं कानून का राज चल रहा है। उत्तर प्रदेश में आज व्यापारी भयमुक्त होकर व्यापार कर रहा है। माताएं, बहने सुरक्षित हैं। युवाओं को रोजगार मिल रहा है। उत्तर प्रदेश में आज किसी अपराधी की हिम्मत नहीं है कि वह व्यापारियों से रंगदारी या वसूली कर सके। आज उत्तर प्रदेश में अपराधी या तो जेल में है या उसको उत्तर प्रदेश छोड़कर जाना पड़ा है या वह पुलिस के द्वारा मारा गया है। इसी डर से अपराधी जेल से जमानत लेने से भी डर रहे हैं। श्री शारदा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में चुनावी बिगुल बज गया है उत्तर प्रदेश में एक तरफ मोदी जी योगी जी के रूप में श्री राम की सेना है, दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी, बसपा, कांग्रेस आदि रावण रूपी राक्षस की सेना है। जनता को यह फैसला करना है कि वह श्री राम की सेना के साथ है या रावण की सेना के साथ। दूसरी और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव की आत्मा में जिन्ना घुस गया है। वह आजकल जिन्ना का बखान कर रहे हैं। वह जिन्ना का मुकाबला सरदार पटेल से कर रहे हैं जिन्होंने भारत को एक राष्ट्र बनाने के लिए अपना जीवन दान कर दिया। एक तरफ जिन्ना था जिसने भारत के टुकड़े करने का काम किया इसलिए मैं कह रहा हूं कि अखिलेश यादव की आत्मा में जिन्ना की आत्मा घुस आई है, इससे उत्तर प्रदेश की जनता को सावधान रहने की जरूरत है।
आगामी कार्यक्रमों के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के प्रभारी राधामोहन सिंह, सांसद, मुख्य अतिथि के रूप में 29 नवंबर को कानपुर के रागेंन्द्र स्वरूप ऑडिटोरियम में व्यापारी सम्मेलन को संबोधित करेंगे। उनके साथ में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री नंद गोपाल नंदी तथा राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में रहेंगे। श्री शारदा ने कहा कि केंद्र सरकार ने व्यापारियों एवं उद्यमियों के लिये पचास लाख के लोन को 24 घंटे में स्वीकृति मिलने की योजना लागू की। भारत सरकार द्वारा रुपये तीन हज़ार प्रति माह के हिसाब से व्यापारियों के लिए पेंशन योजना को लागू किया गया। प्रदेश सरकार के द्वारा दस लाख रुपए तक का दुर्घटना बीमा जीएसटी में रजिस्टर्ड व्यापारियों को दिया गया। इसके अलावा कई लाभ छोटे व्यापारियों को भी दिए जा रहे हैं। व्यापार को बढ़ाने के लिए वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना के तहत क्लस्टर बनाए गए हैं। उत्तर प्रदेश में उद्योगों और व्यापारियों का निवेश बढ़ाने की कई योजनाएं लागू की गई जिसका लाभ मिला और अब उत्तर प्रदेश में बड़े उद्योगपति निवेश कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश में कई एयरपोर्ट के बनने से भी उद्योगों को सहूलियत हुई है।
कानपुर के बारे में प्रश्नों के उत्तर देते हुए उन्होंने कहा कि कानपुर एक औद्योगिक नगर है। एक समय मे कानपुर को भारत के मैंचेस्टर का दर्जा मिला था। गंगा किनारे इस व्यापारियों की नगरी को उद्योगजगत में पुनः बड़ा स्थान दिलाने के लिए भाजपा संकल्पित है। जीएसटी पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि हमारी सरकार लगातार व्यापारियों की राय पर काम करते हुए जीएसटी नियमों का सरलीकरण तो कर ही रही है, जीएसटी दर भी व्यापारी को ध्यान में रखकर ही लागू कर रही है।
प्रेस वार्ता में व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक मुकुंद मिश्रा, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी मोहित पाण्डेय, क्षेत्रीय सहसंयोजक विनोद गुप्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *