तीन केंद्रों में खरीद न होने से किसानों को हो रही समस्या

सिकंदरा में धान खरीद के लिए तहसील क्षेत्र में चार केंद्र बनाए गए हैं, लेकिन तीन केंद्रों में अब तक नाम मात्र की खरीद हुई है। खरीद की रफ्तार धीमी होने से किसानों को समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। वहीं कम कीमत पर धान बिक्री के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। लोगों ने अव्यवस्था होने की बात कही है।

खाद्य एवं रसद विभाग की ओर से राजपुर में मानपुर गांव में खरीद केंद्र बनाया गया है। केंद्र में 70 हजार मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य दिया गया है, जिसके सापेक्ष अब तक 41 सौ क्विंटल धान की खरीद की जा सकी है। वहीं दमनपुर साधन सहकारी समिति के नाम से भाल गांव में बने पीसीयू के खरीद में मात्र 75 क्विंटल ही खरीद हो सकी है। खरीद शुरू हुए करीब एक माह का समय होने को है, लेकिन साधन सहकारी समिति सिकंदरा में 24 क्विंटल धान की ही खरीद की जा सकी है। गोपालपुर गांव में बने खरीद केंद्र में 251 क्विंटल धान की खरीद की गई है। खरीद की रफ्तार सुस्त होने के कारण किसानों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। वहीं खरीद केंद्रों में व्याप्त अव्यवस्था के कारण किसान सस्ते दामों में धान बिक्री करने के लिए मजबूर हो रहे हैं। किसानों का कहना है कि कहीं नमी तो कहीं गुणवत्ता में कमी बताकर तौल नहीं होती इससे समस्या रहती है और हम सभी परेशान होते हैं। अगर इसी तरह से चलता रहा तो खरीद का मतलब ही क्या रहा। एसडीएम महेंद्र कुमार ने बताया कि केंद्र प्रभारियों को धान खरीद की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। शिथिलता मिलने पर जिम्मेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *