एसपी समेत पुलिस कर्मियों का किया स्वास्थ्य परीक्षण

कानपुर देहात में वामा सारथी संस्था की ओर से रविवार को पुलिस लाइन में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पुलिस कर्मियों को बदलते मौसम में खानपान पर विशेष ध्यान देने के साथ ही स्वास्थ्य के प्रति संजीदा रहने का संदेश दिया गया। इसके साथ ही एसपी केशव कुमार चौधरी सहित अन्य पुलिस कर्मियों की जांच की गई।

माती पुलिस लाइन में रविवार को वामा सारथी की स्थानीय अध्यक्ष प्राची चौधरी ने फीता काटकर स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया। इसके साथ ही उन्होंने मौजूद लोगों से समाज हित के कार्यों में अग्रसर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हमारे पुलिसकर्मी लोगों की सेवा करते हैं इसलिए हमको भी उनकी देखभाल के लिए कुछ करना चाहिए। शिविर में गौरी हास्पिटल के सीएमडी डा. संजय त्रिपाठी ने कहा कि बदलते मौसम में बीमारियां भी बढ़ रही हैं। मौसमी बीमारियों से बचने के लिए सभी को सेहत का ध्यान रखना चाहिए।

खानपान दुरुस्त रखने के साथ ही सफाई के लिए विशेष ध्यान देने से आने वाली कई बीमारियों से बचा जा सकता है। शिविर में ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, जुकाम-बुखार सहित अन्य मौसमी बीमारियों को लेकर जांच की गई। इस दौरान स्वास्थ्य टीम में डा. प्रशांत राजपूत, बाल रोग विशेषज्ञ डा. जयदीप दास, डा. संदीप पांडेय, डा. तुषार, डा. राम मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *