जालौन में फेरों से पहले दूल्हे की मांग सुन बरातियों के उड़े होश

जालौन में फेरों से पहले दूल्हे की मांग सुन बरातियों के उड़े होश, दुल्हन ने शादी में उठाया बड़ा कदम
Mon, 29 Nov 2021
जालौन में कुठौंद थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी समारोह के दौरान दूल्हा दहेज की मांग पर अड़ गया। शादी की तमाम रस्में हो चुकी थीं, सिर्फ फेरे होने थे। दुल्हन को जब दूल्हे के बर्ताव की जानकारी हुई तो उसने शादी से इनकार कर दिया।

भदेख गांव में औरैया जनपद के अजीतमल थाना क्षेत्र के एक गांव से रविवार की रात बारात आयी थी। दुल्हन के पिता ने अपनी अपनी क्षमता के अनुरूप अपनी बेटी को खूब दान दहेज दिया और बारात का स्वागत सत्कार के बाद जयमाला का भी कार्यक्रम संपन्न हो गया। सोमवार की सुबह सात फेरों की तैयारी चल रही थी। तभी अचानक दहेज की अतिरिक्त मांग को लेकर दूल्हे ने फेरे लेने से इनकार कर दिया। लोगों ने उसे बहुत समझाने का प्रयास किया पर दूल्हा व उसके पक्ष के लोगों ने कन्या पक्ष के निवेदन को ठुकरा दिया। दूल्हे के तेवर से दुल्हन इस कदर खफा हुई कि बाद में उसने बीच मजमे में आकर खुद ही उससे शादी करने से साफ मना कर दिया। बाद में दोनों पक्ष थाने पहुंचे, लेकिन दुल्हन टस से मस नहीं हुई। जिसके बाद बिना बिना शादी के बारात लौट गई। थानाध्यक्ष अरुण तिवारी का कहना है दोनों पक्षों से बात की जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी। बिगड़ी बात बनाने के लिए बुजुर्ग लोग सुलह कराने की कोशिश में लगे रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *