फतेहपुर में सतीशचंद्र मिश्र ने फिर किया बिकरू कांड का जिक्र, विकास के परिवार को प्रताड़ित करने का आराेप

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सदस्य सतीश चंद्र मिश्र का कहना है कि भाजपा सरकारें हर मोर्चे पर फेल साबित हुई है। महंगाई, भ्रष्टाचार खत्म करने, कानून व्यवस्था तथा किसानों की आय दोगुना करने के मामले में केंद्र व प्रदेश सरकारों के दावे सिर्फ जुमले साबित हुए हैं। वह कस्बा स्थित एक विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

ब्राह्मण मतदाताओं को साधते हुए बोले कि बिकरू कांड में दो दिन पहले ब्याह कर आई लड़की को सरकार के इशारे पर पुलिस ने जेल भेज दिया। डेढ़ साल बीत जाने के बाद भी उसकी जमानत नहीं हो सकी। प्रयागराज में एक परिवार के चार सदस्यों की हत्या हो गई। पुलिस असली हत्यारों को पकडऩे की बजाय, परिवार के ही लोगों को प्रताडि़त करती है। गोरखपुर में व्यापारी की पीट-पीटकर हत्या के मामले में दिवंगत की पत्नी को ही पुलिस धमकाती है। महोबा में कारोबारी से रंगदारी मांगने तथा उसकी संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस अधिकारी दोषी पाए जाते हैं। दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का दावा हो या प्रदेश में कानून व्यवस्था, सभी में भाजपा सरकारें फेल साबित हो रही हैं। सपा पर भी उन्होंने तीखा प्रहार किया। बसपा सरकार का कार्यकाल याद दिलाते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव के लिए डटने का आव्हान किया। पूर्व मंत्री नकुल दुबे ने भी कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत से चुनावी समर में जुटने का आह्वान किया। प्रदेश महासचिव मानवेंद्र आजाद मौर्य, ब्राम्हण भाईचारा के मंडल संयोजक भूपेंद्र तिवारी, पूर्व मंत्री अशोक गौतम, जिलाध्यक्ष नीरज पासी, दशरथ पासी आदि ने भी विचार रखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *