ट्रिपल मर्डर के आरोपी डॉक्टर की गंगा में तलाश

कानपुर l कल्याणपुर के इंदिरा नगर में डिविनिटी अपार्टमेंट के फ्लैट में पत्नी, बेटे व बेटी की हत्या के बाद गायब डॉक्टर को लेकर पुलिस की पड़ताल लगातार जारी है. इस बीच बताया जा रहा है कि आरोपी डॉक्टर की तलाश गंगा में भी की जा रही है. पुलिस की पड़ताल में डॉक्टर की लोकेशन गंगा बैराज और सरसैयाघाट के पास पाई गई है. यही नहीं, चार टीमें आरोपी डॉक्टर के रिश्तेदारों से लेकर दोस्तों और परिचितों तक छानबीन करने में जुटी हैं l
कल्याणपुर के डिविनिटी अपार्टमेंट में शुक्रवार को रामा मेडिकल कालेज, मंधना में कार्यरत फोरेंसिक मेडिसिन के विभागाध्यक्ष डा. सुशील कुमार ने अपनी पत्नी, बेटी और बेटे की हत्या कर दी थी. भाई को मैसेज करने के बाद से ही फरार चल रहे थे. तिहरे हत्याकांड की तफ्तीश में जुटी पुलिस को पहली उनकी लास्ट लोकेशन मंधना के पास मिली थी. देर रात तक पुलिस की कई टीमों ने आरोपी डॉक्टर की तलाश में कई जगह छानबीन की, डॉक्टर के रिश्तेदारों से लेकर दोस्त और परिचितों से भी जानकारी जुटाई जा रही है. आरोपी डॉक्टर कहां जा सकता है, इसके बारे में विभिन्न माध्यमों से जानकारी जुटाई जा रही है l
इस बीच, शनिवार को आरोपी डॉक्टर की तलाश को और बढ़ा दिया. पुलिस की जांच मे डॉक्टर सुशील कुमार की लोकेशन पहले गंगा बैराज स्थित अटल घाट और फिर सरसैयाघाट में मिली. इसके आधार पर शनिवार को डीसीपी वेस्ट की अगुवाई में पुलिस की कई टीमों ने आरोपी डॉक्टर की घाट से लेकर गंगा की धारा तक तलाश की. जलपुलिस के साथ मिलकर डीसीपी वेस्ट ने अटल घाट से लेकर शुक्लागंज पुराने पुल तक गंगा में छानबीन की. डीसीपी वेस्ट का कहना है कि जिस प्रकार से डॉक्टर की लोकेशन अटल घाट और सरसैया घाट के पास मिली है, उसी को लेकर संदेह के आधार पर गंगा की धारा में सर्च अभियान चलाया जा रहा है. इसके अलावा चार टीमें डॉक्टर के परिचितों और अन्य स्थानों पर उनकी तलाश में जुटी हैं. डॉक्टर के कार्यस्थल पर भी पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है l

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *