कार्यक्रम स्थल में खाली कुर्सियां देख डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा बिफर पड़े

कानपुर। लाल इमली चौराहा स्थित जीआईसी ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम स्थल में खाली कुर्सियां देख डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा बिफर पड़े। उन्होंने सीसामऊ विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सुरेश अवस्थी पर नराजगी जताई। डिप्टी सीएम ने कहा कि जिस कार्यक्रम में भीड़ न हो ऐसा आयोजन मुझे नहीं चाहिए। इस पर बीजेपी नेता सुरेश अवस्थी ने सफाई देते हुए कहा कि लखनऊ से देरी से आने के कारण आपका कार्यक्रम लेट हो गया और जनता इंतजार करके चली गई।
युवा मोर्चा के युवोत्थान कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा को 11ः30 बजे शामिल होना था, लेकिन वह करीब डेढ़ घंटे की देरी से तकरीबन एक बजे पहुंचे। यहां से 2 बजे के बाद डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा लाल इमली चौराहा स्थित जीआईसी ग्राउंड में विभिन्न परियोजनाओं के शिलान्यास, लोकार्पण और जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे। इस दौरान विधायक, महापौर, बीजेपी नेता तो मौजूद रहे, लेकिन कार्यक्रम स्थल पर कुर्सियां खाली देख नाराजगी व्यक्त की।
बता दें कि साल 2017 में सीसामऊ विधानसभा सीट से सुरेश अवस्थी बीजेपी के प्रत्याशी रह चुके हैं। हालांकि 2022 विधानसभा चुनाव में दोबारा टिकट दावेदारों की लाइन में शामिल हैं। वहीं सीसामऊ विधानसभा के अंध-मूक विद्यालय और परेड स्थित जीआईसी ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम स्थलों पर भीड़ न देख डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने सुरेश अवस्थी पर नराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जिस कार्यक्रम में भीड़ न हो ऐसा आयोजन मुझे नहीं चाहिए। इस पर बीजेपी नेता सुरेश अवस्थी ने कहा कि कार्यक्रम लेट हाने के कारण भीड़ चली गई। इस मौके पर कई विधायक, महापौर समेत बीजेपी नेता मौजूद थे। डिप्टी सीएम के जाने के बाद पार्टी में अंदर खाने सुरेश अवस्थी द्वारा टिकट के दावेदारी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा लगातार अगामी विधानसभा चुनाव में पिछले चुनाव में हारी सीटों पर भी जीतने का दावा कर रहे हैं, लेकिन उनके कार्यक्रमों में भीड़ न होने से बीजेपी नेताओं की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि 2022 विधानसभा चुनाव में बीजेपी के लिए कितनी दिक्कतें बढ़ने वाली हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *