कानपुर में पूर्व जिपं सदस्य ने PRV सिपाही और हाेमगार्ड को दौड़ाकर पीटा

कानपुर में पूर्व जिपं सदस्य ने PRV सिपाही और हाेमगार्ड को दौड़ाकर पीटा, झगड़े की सूचना पर पहुंचे थे दोनों
Sat, 04 Dec 2021
कानपुर में महाराजपुर में पूर्व जिला पंचायत सदस्य व उसके साथियों ने मारपीट की सूचना पर पहुंचे पीआरवी सिपाही व होमगार्ड पर हमला बोल दिया। दो दर्जन हमलावरों ने दोनों को दौड़ा- दौड़ा कर पीटा और मोबाइल तोड़ दिया। किसी तरह दोनों जान बचाकर मौके से भागे। पहले तो पुलिस इस मामले को छिपाती रही, लेकिन जब मामला सार्वजनिक हुआ तो पुलिस ने आनन-फानन आरोपित पूर्व जिला पंचायत सदस्य और सपा नेता राजेंद्र पासवान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

यह घटना शुक्रवार देर रात की है। महाराजपुर कस्बे में प्रमोद पासवान के यहां बेटे का तिलक समारोह चल रहा था। समारोह में शामिल होने महाराजपुर निवासी सपा नेता व पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेन्द्र पासवान उर्फ ठेकेदार अपने साथियों के साथ आया था। देर रात किसी बात को लेकर अखिलेश पासवान व अंकित यादव के बीच झगड़ा होने लगा। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। पुलिस कंट्रोल रूम को झगड़े की सूचना मिली तो पीआरवी बाइक 4751 पर तैनात सिपाही चंद्रवीर सिंह व होमगार्ड संतोष कुमार मौके पर पहुंचे

होमगार्ड संतोष कुमार का आरोप है कि जब उन्होंने झगड़ा कर रहे लोगों को रोका, तो वह मानें नहीं बल्कि भड़क गए। नशे में धुत आरोपितों ने पुलिस के साथ ही अभद्रता व गालीगलौज शुरू कर दी। उसने जब अपने फोन से आरोपितों का वीडियो बनाने लगा तो वहां पर खड़े सपा नेता व पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेन्द्र ठेकेदार ने गालीगलौज व मारपीट शुरू कर दी। मोबाइल छीनकर तोड़ दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के दो दर्जन साथियों ने दोनों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। सिपाही व होमगार्ड किसी तरह जान बचाकर भागे और थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी। इसके बाद थाने से फोर्स घटनास्थल पर पहुंची, मगर इससे पहले सभी फरार हो चुके थे। होमगार्ड संतोष कुमार की तहरीर पर मुख्य आरोपित राजेन्द्र ठेकेदार व उसके 20 -25 अज्ञात साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस इस घटना को छिपाती रही, लेकिन मामला सार्वजनिक हुआ तो आनन फानन आरोपित राजेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। राजेंद्र के खिलाफ महराजपुर थाने में पूर्व में भी दो मुकदमे पंजीकृत हैं।

पुलिस पर हमले की रिपोर्ट घंटों बाद दर्ज हुई: एफआइआर के मुताबिक कंट्रोल रुम को रात 11.14 पर जानकारी मिली और 11.22 पर पुलिस मौके पर पहुंची। यानी सारा घटनाक्रम रात 12 बजे के आसपास है। लेकिन पुलिस ने इस घटना की रिपोर्ट सुबह साढ़े चार बजे दर्ज की है। यानी साढ़े चार घंटे से भी देरी से।

आरोपितों पर बढ़ाई 7सीएलए: पुुलिस ने पहले आरोपितों के खिलाफ बलवा और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था, मगर बाद इस मामले में 7सीएलए की बढ़ोत्तरी कर दी गई।

इनका ये है कहना

राजेन्द्र ठेकेदार को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आधा दर्जन से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मारपीट की सूचना पर शुक्रवार रात पीआरवी बाइक पर तैनात सिपाही व होमगार्ड मौके पर पहुंचे थे। नशे में धुत आरोपितों ने सिपाही व होमगार्ड पर हमला बोल दिया। – ऋषिकेश यादव, सीओ सदर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *