राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द के कानपुर आगमन पर यातायात रोकने से लगे जाम में फंसी कार में सवार बीमार महिला उद्यमी वंदना मिश्रा की मौत के मामले में कार्रवाई हुई है. इस मामले में पुलिस आयुक्त ने एक सब इंस्पेक्टर और तीन सिपाहियों को निलंबित करते हुए जांच बैठा दी है. यही नहीं, पुलिस कमिश्नर और डीएम महिला उद्यमी के पार्थिव शरीर की अंत्येष्टि में शामिल हुए और राष्ट्रपति का संदेश भी पहुंचाया.इससे पहले जब राष्ट्रपति को इस बात की खबर लगी थी, तो काफी व्यथित हुए थे और उन्होंने दुख जताते हुए डीएम और पुलिस कमिश्नर को शोक संतप्त परिवार तक उनका संदेश पहुंचाने को कहा था. इसके बाद पुलिस कमिश्नर असीम अरूण ने माफी मांगी थी और डीएम आलोक तिवारी महिला उद्यमी के परिजनों से भी मिले थे. पुलिस ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न होने की भी बात कही थी. इसके बाद पुलिस कमिश्नर की तरफ से मातहतों को सख्त निर्देश दिए गए हैं.इसमें कहा गया है कि सुरक्षा के लिए नागरिकों को दिक्कत न हो, मेडिकल आपात स्थिति में तो बिल्कुल भी नहीं. व्यवस्था सुधारने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं ताकि ऐसी पुनरावृत्ति न हो. इस बीच निर्देश से अधिक समय तक ट्रैफिक रोकने पर सब इंस्पेक्टर सुशील कुमार व तीन सिपाहियों को निलंबित किया गया है. पुलिस कमिश्नर ने पूरे मामले में जांच बैठा दी है. जांच की जिम्मेदारी एडिशनल डीसीपी साउथ को सौंपी गई है. यही नहीं, राष्ट्रपति के आदेश के बाद डीएम और पुलिस कमिश्नर महिला उद्यमी के पार्थिव शरीर की अंत्येष्टि में शामिल हुए. यहां पर उन्होंने राष्ट्रपति के संदेश को भी पीड़ित परिवार तक पहुंचाया.
2021-06-26
