नगर निगम कार्यकारिणी में कई अहम फैसले लिए

शुक्रवार को हुई नगर निगम कार्यकारिणी में कई अहम फैसले लिए गए. इसमें अब चेन्नई की तर्ज पर मोतीझील में भी अम्मा भोजनालय का निर्माण किया जाएगा. बता दें कि महापौर बनने के ​बाद प्रमिला पांडेय को अधिकतर लोग अम्मा ही कहते हैं. महापौर के मुताबिक, इस भोजनालय में 24 घंटे सस्ता भोजन उपलब्ध कराया जाएगा. कार्यकारिणी में इसको लेकर प्रस्ताव पास हो गया है. वहीं, नानकारी स्थित पार्क का नाम तमिलनाडु में हेलीकॉप्टर हादसे में शहीद हुए सीडीएस जनरल बिपिन रावत के नाम पर होगा।
महापौर प्रमिला पांडेय ने बताया कि भोजन के साथ यहां पर लोगों को चाय भी मिलेगी. नगर निगम मुख्यालय के पीछे जो जमीन खाली कराई गई है, यहीं पर अंडरग्राउंड पार्किंग बनेगी. इसके बाद ऊपरी तल पर भोजनालय होगा और उसके ऊपर रिकॉर्ड रूम बनाया जाएगा. वहीं, कार्यकारिणी बैठक में अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी के नाम पर नयागंज मेट्रो स्टेशन के नामकरण का प्रस्ताव रखा गया, जिसे पास कर दिया गया. अब कार्यकारिणी की तरफ से या प्रस्ताव यूपीएमआरसी को भेजा जाएगा. इसके साथ ही वर्ष 2007 से भर्ती अंशकालीन शिक्षिकाओं का वेतन 20000 से बढ़ा कर 40000 कर दिया गया है. न​गर निगम कार्यकारिणी सदस्यो को एक एक पार्क भी दिया गया है. वह यहां पर पार्क को विकसित कराएंगे. एक महत्वपूर्ण निर्णय के तहत अब खुले में पशु काटने पर जोनल अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई का प्रस्ताव भी कार्यकारिणी में पास किया गया. महापौर ने बताया कि 20 दिसंबर को सदन होगा. नगर निगम कार्यकारिणी में शहर के 121 स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम पर सड़कों और पार्कों का नामकरण का प्रस्ताव भी पास कर दिया गया. महापौर का कहना है कि जिन सड़कों का नाम पहले ही किसी के नाम पर है, उनका नामकरण नहीं होगा. लिस्ट की पूरी पड़ताल की जाएगी. वहीं, नगर निगम की दुकानों में बढ़े किराए की फिर से समीक्षा होगी. बता दें कि करीब पांच वर्ष पूर्व साल 2016 में दुकानों का किराया काफी बढ़ा दिया गया था. व्यापारियों की आपत्ति और उनके हाईकोर्ट जाने के बाद उच्च न्यायालय ने नगर निगम कार्यकारिणी और सदन को पुर्नविचार के लिए रखने को कहा था. महापौर ने कहा कि एक कमेटी गठित की जाएगी. यह कमेटी अपनी रिपोर्ट को अगली कार्यकारिणी की बैठक में रखेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *