कानपुर देहात में धान खरीद केंद्रों की हकीकत जांचने के लिए सोमवार को खाद्य विभाग के अपर आयुक्त एसपी सिंह ने रनियां, पिलखनी, अकबरपुर, शेखपुर सहित अन्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पिलखनी केंद्र में खरीदे गए धान का भुगतान न होने पर उन्होंने केंद्र प्रभारी व खरीद संस्था के जिला प्रबंधक को फटकार लगाई। इसके साथ ही व्यवस्था दुरुस्त न करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
अपर आयुक्त एसपी सिंह ने सोमवार को अमरौधा ब्लाक के पिलखिनी गांव में यूपीएसएस के केंद्र की हकीकत देखी। खरीद एजेंसी के जिला प्रबंधक विमलेश कुमार व प्रभारी रोहित बाजपेयी से धान खरीद के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बताया कि अब तक 52 किसानों से 3533 क्विंटल धान की खरीद की गई है, जिसमें 14 किसानों को धान का भुगतान किया गया है। शेष किसानों का भुगतान न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। इसके साथ ही सुधार न होने पर केंद्र प्रभारी व प्रबंधक को फटकार लगाते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी। वहीं अकबरपुर खरीद केंद्र में निरीक्षण के दौरान उठान न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। केंद्र में शेड फुल होने पर खरीद प्रभावित होने पर उन्होंने शीघ्र ही उठान कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही रनियां खरीद केंद्र में खरीद रफ्तार बढ़ाने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला खाद्य विपणन अधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह, एसडीएम अजय कुमार राय, मौजूद रहे।
