कानपुर l आज
दिनाँक 19 दिसंबर 2021 को बाल रोग अकादमी कानपुर द्वारा स्वरूप नगर के हेरिटेज होम में प्रोफेसर जे आर श्रीवास्तव मेमोरियल ओरेशन का आयोजन किया गया। ये ओरेशन मेडिकल कॉलेज कानपुर के प्रथम विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ जे आर श्रीवास्तव की स्मृति में प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है। इस कार्यक्रम में ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस दिल्ली के डॉ एस के काबरा ने बच्चों में जटिल निमोनिया विषय पर अपना व्यख्यान दिया। कार्यक्रम में लगभग 50 नगर के बाल रोग विशेषज्ञ ने भाग लिया व प्रदेश के लगभग 200 डॉक्टर वेबिनार के माध्यम से इससे जुड़े।
डॉ काबरा ने बताया कि न्यूमोनिया आज भी नम्बर वन किलर बीमारी है। डॉ काबरा ने बताया कि यदि न्यूमोनिया के लक्षणों में इलाज के बाद भी सुधार नहीं आ रहा है तो ऐसे मरीजों में अन्य बीमारियों जैसे फॉरेन बॉडी इंजेशन, कम प्रतिरोधक क्षमता, टी बी आदि के बारे में विचार करना चाहिए। उन्होंने बताया कि जब न्यूमोनिया झोलाछाप डॉक्टरों आदि के द्वारा स्टेरॉयड या गलत एंटीबायोटिक आदि के वजह से जटिल हो जाता है तो ऐसे मरीजों में फेफड़े में कैविटी, झिल्ली में मवाद आदि का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने बताया कि निमोनिया में सही एंटीबायोटिक का चुनाव और उचित अवधि अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि एक साल से नीचे के बच्चों में न्यूमोनिया जानलेवा हो सकता है, इन्हें भर्ती कर इंजेक्शन आदि के द्वारा ही इलाज करवाना चाहिए।
कार्यक्रम में वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ नवीन सहाय, डॉ लूसी चांग और डॉ सुमन सेंगर को उनके समाज के प्रति योगदान के लिए लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड दिया गया। डॉ सुनील तनेजा ने न्यूमोनिया की वेक्सीन के बारे में भी व्यख्यान दिया।
कार्यक्रम के अंत में अकादमी अध्यक्ष डॉ अम्बरीष गुप्ता और सचिव डॉ जे जे तांबे ने आगन्तुक डॉक्टरों का व डॉ काबरा का हृदय से धन्यवाद किया।
