सीएम योगी ने केरल और महाराष्ट्र में कोरोना के तेजी से बढ़ते केस को देखते हुए प्रदेश में अधिकारियों को अलर्ट रहने के आदेश दिए हैं। लखनऊ में टीम-9 के साथ बैठक में सीएम ने आदेश दिया कि रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू कराया जाए। दुकानों को 10 बजे से बंद कराए जाने के साथ ही कोरोना प्रोटोकाल का कड़ाई से पालन कराए जाने के आदेश दिए गए हैं।
देश में कोरोना वायरस के ग्राफ में इजाफे के साथ प्रदेश सरकार अलर्ट मोड पर आ गई है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने आलाधिकारियों के साथ बैठक कर रात्रि कर्फ्यू लगाए जाने के आदेश दिए हैं। दुकानों को रात 10 बजे बंद कराए जाने के साथ 11 बजे के बाद सड़कों पर पुलिस की गश्त बढ़ाए जाने को कहा है। सीएम ने लोगों से अपील की है कि, लोग रात के समय बाजार में अनावश्यक ना घूमे।
शादी-विवाह आदि सार्वजनिक आयोजनों में कोविड प्रोटोकॉल का साथ अधिकतम 200 लोगों के भागीदारी की अनुमति हो। आयोजनकर्ता इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन को देनी होगी। बाजारों में “मास्क नहीं तो सामान नहीं” के संदेश के साथ व्यापारियों को जागरूक किए जाने के आदेश दिए गए हैं। बिना मास्क कोई भी दुकानदार ग्राहक को सामान नहीं देंगे। सड़क व बाजार में बिना मास्क घूमने पर जुर्माने का आदेश दिया गया है।
पुलिस को लगातार गश्त करने के साथ ही पब्लिक एड्रेस सिस्टम को और प्रभावी बनाए जाने को कहा गया है। देश के किसी भी राज्य से अथवा विदेश से उत्तर प्रदेश की सीमा में आने वाले हर एक व्यक्ति की ट्रेसिंग-टेस्टिंग के आदेश जारी किए गए हैं। पुलिस-प्रशासन को कहा गया है कि, बस, रेलवे और एयरपोर्ट पर अतिरिक्त सतर्कता बरतें। बाहर से आने वालों की कोरोना जांच करवाएं।
बता दें दूसरे प्रदेशों की अपेक्षा उत्तर प्रदेश के हालात तेजी से बेहतर हो रहे हैं। सक्रिय केस हो या फिर टेस्टिंग और वैक्सीनेशन की बात प्रदेश सरकार द्वारा समय पर लिए गए निर्णयों का ही परिणाम है कि आज सर्वाधिक जनसंख्या वाला यूपी दूसरे प्रदेशों से कोरोना पर लगाम लगाने में अव्वल है। कम समय में टेस्टिंग क्षमता को तेजी से बढ़ाते हुए आज प्रदेश में रोजाना ढाई लाख कोरोना के टेस्ट किए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार की तरफ से वैक्सीनेशन का कार्य भी युद्ध स्तर पर जारी है।
कानपुर में गुरुवार को चार कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। फिहलाल इस वक्त 7 एक्टिव केस हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अलर्ट पर हैं। वैक्सीनेशन का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। जिन-जिन इलाकों में कोरोना मरीज मिले हैं वहां टेस्टिंग कराई जा रही है। लोगों को कोरोना प्रोटोकाल का पालन करने के कहा गया है। नववर्ष घर पर मनाए जाने के आदेश दिए गए हैं।
