कानपुर शहर में पारे में उतार चढ़ाव जारी है

कानपुर शहर में पारे में उतार चढ़ाव जारी है, दो दिन पहले पारा 4.4 डिग्री सेल्सियस पर था तो शनिवार को 6.6 डिग्री सेल्सियस होने से मामूली राहत रही। दो दिन बाद बूंदाबांदी के बाद कड़ाके की ठंड और कोहरे के आसार बन रहे हैं। हिमालय के पास आए पश्चिमी विक्षोभ के कारण आसमान पर छाए बादल 27 दिसंबर से अपना असर दिखाना शुरू कर देंगे। मौसम वैज्ञानिकों ने हल्की बूंदाबांदी और 29 दिसंबर को बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। इसके बाद कड़ाके की सर्दी, शीतलहर व गलन होने और रात में पाला गिरने की संभावना जताई जा रही है।चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के मौसम वैज्ञानिक डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि शुक्रवार को एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय के पास पहुंच गया है। इसके प्रभाव से बनने वाला चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तर पश्चिमी राजस्थान व आसपास के क्षेत्रों पर है। साथ ही एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ 26 दिसंबर से पश्चिमी हिमालय को प्रभावित करना शुरू कर देगा। पिछले 24 घंटों के दौरान लद्दाख व जम्मू कश्मीर में हल्की बारिश व बर्फबारी और हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड व उत्तरी हरियाणा के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई है। उधर, चक्रवाती हवाओं का एक क्षेत्र दक्षिण बांग्लादेश और इससे सटे इलाकों पर भी है।डा. पांडेय ने बताया कि आसमान पर बादल छाए रहने से दिल्ली और एनसीआर के कुछ हिस्सों के साथ ही उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि हो रही है। अगले दो दिन तक इसी तरह न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोत्तरी होगी, लेकिन इसके बाद लोग दिन में कड़ाके की सर्दी के लिए तैयार रहें। सुबह शाम धुंध व कोहरे की हल्की चादर अभी और गहरी हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *