आइआइटी के 54वें दीक्षा समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इंफोसिस के सह संस्थापक सेनापथी ‘क्रिस’ गोपालकृष्णन, शास्त्रीय गायक पंडित अजय चक्रवर्ती और भौतिक विज्ञानी व शिक्षाविद प्रो. रोहिणी गोडबोले को मानद डाक्टरेट की उपाधि देंगे। पांच छात्रों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते विशिष्ट मेडल देंगे। आइआइटी प्रशासन की ओर से उपाधि व मेडल पाने वालों के नामों की घोषणा की गई।28 दिसंबर को हाइब्रिड मोड में होने वाले इस समारोह में प्रधानमंत्री के साथ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, केंद्रीय शिक्षा, कौशल विकास व उद्यमिता मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी होंगे। आइआइटी प्रशासन के मुताबिक प्रो. गोडबोले वर्तमान में उच्च ऊर्जा भौतिकी केंद्र, भारतीय विज्ञान संस्थान बेंगलुरुमें प्रोफेसर हैं। उन्होंने कण भौतिकी के मानक माडल की खोज की। राम रामास्वामी के साथ पुस्तक ‘लीलावती की बेटियोंÓ का संपादन भी किया, जो महिला वैज्ञानिकों पर जीवनी का संग्रह है। वहीं सेनापथी गोपालकृष्णन वर्ष 2011 से 2014 तक इंफोसिस के उपाध्यक्ष और 2007 से 2011 तक मुख्य कार्यकारी अधिकारी व प्रबंध निदेशक रहे। उन्हें एशिया में शीर्ष सीईओ के लिए वोट किया गया था। 2011 में वह दूसरे एशियाई कारपोरेट निदेशक पुरस्कारों के विजेताओं में शामिल थे। 2009 में वैश्विक व्यापार विचारकों की सूची थिंकर्स 50 में उन्हें चुना गया था।
2021-12-25
