पतित पावनी मां गंगा के तट सिद्धनाथ घाट जाजमऊ में मोक्ष दायिनी की भव्य व दिव्य आरती परम् पूज्य संत अरुण चैतन्य पूरी जी महाराज के सानिध्य में करने का सौभाग्य सैकड़ों भक्तों को आज मिला । आरती के उपरांत पुष्पांजलि के दौरान श्रद्धालुओं के जयघोष से पूरा का पूरा वहां का वातावरण भक्ति रस से सराबोर हो गया । मां गंगा के श्रद्धालु भक्तों ने महाराज जी के साथ धारा में विशाल चुनरी का भी अर्पण किया,जिसे बाद में प्रसाद स्वरूप भक्तों में वितरित कर दिया गया । विधि विधान से पूजन हवन के बीच गंगा मईया के जयकारों से द्वितीय काशी सिद्धनाथ घाट का माहौल सुबह से ही दूर दूर तक भक्ति मय रहा । भजन संध्या में जान्हवी की महिमा का विस्तार से वर्णन कर विभिन्न नामों की व्याख्या सुंदर ढंग से प्रस्तुत की गई । मां गंगा के आस्था व निष्ठावान भक्तों ने पूज्य संत के कुशल मार्गदर्शन में जल एवं दूध से महाभिषेक कर अपने कष्टों के निवारण की श्रद्धा के साथ प्रार्थना की । दोपहर से शुरू हुआ भंडारा देर रात तक मां अन्नपूर्णा -गंगा की कृपा से चलता रहा । भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया । इसी बीच चैतन्य पूरी जी महाराज का जन्मदिन धूमधाम के साथ आश्रम में मनाया गया । समर्पित भक्तों ने बालयोगी संत को फ़ूल माला पहना कर मिष्ठान खिला कर आशीर्वाद ग्रहण किया । शहर कानपुर ही नहीं आसपास के कई जिलों के सम्भ्रांत व प्रतिष्ठित जनों की उपस्थिति कार्यक्रम में देखने को मिली ।जिसमे मुख्य रूप से भाजपा उत्तर एवं दक्षिण जिलाध्यक्ष सुनील बजाज, बीना आर्या, मठ मंदिर समन्वय समिति के अध्यक्ष मनोज शुक्ला महाकाल,, ईला बाजपेई, एलआईसी के नामचीन विकास अधिकारी संजय मेहरोत्रा, कई विधायक व जनप्रतिनिधि, राजपत्रित अधिकारियों ने धार्मिक कार्यक्रम में आस्था का परिचय दिया ।

2021-12-25
