उत्तरी भारत में सोमवार को हो सकती है बारिश तो पहाड़ी राज्यों में हो रही जमकर बर्फबारी

उत्तर भारत के पहाड़ों में हिमपात शुरू होने से एक बार फिर ठंड बढ़ने लगी है। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का असर दिल्ली एनसीआर तक देखा जा रहा है। ऐसे में उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू कश्मीर ही नहीं रविवार को दिल्ली और आसपास के मैदानी इलाकों में भी बादल छाए रहे। वहीं, शाम बारिश भी हो गई, जिससे मौसम एक बार फिर ठंडा गया है। उत्तराखंड में हिमपात का असर रहा कि एक ही दिन में पारा तीन से चार डिग्री तक गिर गया। उत्तराखंड स्थित चार धाम में जमकर बर्फबारी हुई है। जबकि, नैनीताल में बर्फ की फाहें गिरीं। देर रात तक मसूरी और नैनीताल में हिमपात की संभावना रही। भारतीय सेना ने बताया कि 25 दिसंबर को लगभग 1027 पर्यटक जो शनिवार को भारी हिमपात के बाद नाथू ला में चीन सीमा के पास पूर्वी सिक्किम के ऊपरी इलाकों में फंसे हुए थे, उन्हें सेना ने बचाया। सोमवार को उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश की संभावना है।

इन राज्यों में होगी हल्की बारिश

मौसम विभाग ने कई राज्यों में रविवार से मौसम में बदलाव आने का अनुमान जताया है। मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट (Skymet) के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ 26 दिसंबर से जम्मू-कश्मीर और आस-पास के क्षेत्रों को प्रभावित करना शुरू कर देगा। दिल्ली-एनसीआर में रविवार शाम को बारिश हुई। उत्तर पश्चिमी राजस्थान और आस-पास में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना है। इसके चलते 26 से 28 दिसंबर के बीच पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान के पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों व मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश होने की संभावना है। और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। हरियाणा के कैथल, हिसार, भिवानी, महेंद्रगढ़ और राज्स्थान के कोटपुतली के आसपास के क्षेत्रों में हल्की तीव्रता की बारिश हुई। साथ ही रविवार शाम को हरियाणा के जींद, चरखी दादरी, मट्टनहेल, नारनौल के आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम तीव्रता की बारिश हुुुई।

इसके अलावा बारिश की गतिविधियां बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में होंगी। मौसम विभाग के पूर्वा नुमान के अनुसार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में ओला वृष्टि भी हो सकती है। उत्तर पश्चिमी भारत में 28 दिसंबर तक न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब या सामान्य से थोड़ा अधिक रहने की संभावना है।

कश्मीर के न्यूनतम तापमान में गिरावट

कश्मीर में अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान में गिरावट बनी हुई है। इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने रविवार से अगले दो दिनों तक केंद्र शासित प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *