कानपुर देहात के राजपुर में एक सिपाही का जन्मदिन मनाने में हिस्ट्री शीटर का फोटो पुलिस कर्मियों संग वायरल हो गया। फोटो में एसओ भी नजर आ रहे हैं। मामले में एसपी ने सीओ सिकंदरा को जांच सौंपी है। वहीं क्षेत्र के व्यापारी एसपी से मिले और कहा कि जिसे हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है, उसने 15 वर्ष से कोई अपराध नहीं किया है और न ही मुकदमा है। साजिशन फंसाए जाने का आरोप लगाया है।
राजपुर थाने में सिपाही अर्जुन चौधरी का शनिवार को जन्मदिन मनाया गया और केक कटा। इस दौरान का एक फोटो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें हिस्ट्रीशीटर अनिल कुमार नजर आ रहा है। वहीं फोटो में एसओ कपिल दुबे व कुछ अन्य पुलिसकर्मी नजर आ रहे हैं। वायरल फोटो की पुष्टि दैनिक जागरण नहीं करता है। वायरल होने पर एसपी केशव कुमार चौधरी ने इसका संज्ञान लिया व जांच सीओ सिकंदरा रविकांत गौड़ को सौंपी है। एसपी ने बताया कि वायरल फोटो की जांच सीओ करेंगे, जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी। संज्ञान में आया है कि 15 वर्ष से कोई अपराध या मुकदमा नहीं है।
एसपी से मिले व्यापारी
क्षेत्र के कई व्यापारी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल राजपुर के अध्यक्ष अवध विश्नोई, सुशील बाजपेयी, देवेंद्र व रामसिंह समेत अन्य एसपी कार्यालय पहुंचे। यहां पर एसपी से मिलकर ज्ञापन सौंप कहा कि मामले में साजिश की जा रही है। अनिल कुमार पर वर्ष 2006 से कोई मुकदमा या अपराध नहीं है और साधारण जीवन जी रहा है। उस पर केवल एनडीपीएस व आर्म्स एक्ट के दो मुकदमे हैं और इसी में हिस्ट्रीशीट खुली थी। इसकी भी जांच होनी चाहिए l
