यूपी में कोरोना वैक्सीनेशन का अगला चरण 10 से, दोनों डोज ले चुके लोगों को लगेगी सतर्कता डोज

कोरोना से बचाव के लिए प्रदेश में चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान के तहत वैक्सीन की दोनों डोज लगवा चुके हेल्थ केयर, फ्रंटलाइन वर्कर व बीमार बुजुर्गों को प्रिकाशन (सतर्कता) डोज लगाई जाएगी। कुल 57.54 लाख लोगों को वैक्सीन लगेगी। वहीं 15 वर्ष से 18 वर्ष तक के 1.40 करोड़ किशोरों को भी टीका लगाने जाने की शुरुआत होगी। इसके लिए टीकाकरण केंद्रों पर अलग से काउंटर तैयार किए जा रहे हैं। किशोरों को कोवैक्सीन लगाई जाएगी।

राज्य टीकाकरण अधिकारी डा. अजय घई ने बताया कि एक जनवरी से किशोरों को टीका लगाए जाने के लिए पंजीकरण शुरू होगा। तीन जनवरी से इन्हें वैक्सीन लगाई जाएगी। अभी यूपी में कुल 16 हजार से अधिक टीकाकरण केंद्र हैं। इन्हीं केंद्रों पर अब किशोरों को वैक्सीन लगाने के लिए अलग काउंटर तैयार किए जा रहे हैं। इन्हें कोवैक्सीन लगाई जाएगी। अभी करीब ढाई करोड़ वैक्सीन उपलब्ध है और इसमें लगभग 60 लाख से अधिक कोवैक्सीन है। वहीं वैक्सीन की आपूर्ति लगातार जारी है।

उधर करीब 20 लाख हेल्थ केयर व फ्रंटलाइन वर्करों को वैक्सीन लगेगी। वहीं 60 वर्ष से अधिक उम्र के 1.87 करोड़ बुजुर्गाें में से बीमार 37.54 लाख बुजुर्गों को भी वैक्सीन की सतर्कता डोज लगाई जाएगी। 10 जनवरी से सतर्कता डोज लगेगी। अभी 18 वर्ष से अधिक उम्र के 14.74 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगाई जानी है। इसमें से करीब 12.75 करोड़ लोग टीका लगवाने केंद्रों तक पहुंचे हैं।

किसे कितने टीके

18 वर्ष से अधिक उम्र के लोग – 14.74 करोड़
15 वर्ष से 18 वर्ष की उम्र के लोग – 1.40 करोड़
हेल्थ वर्कर व फ्रंटलाइन वर्कर – 20 लाख
60 वर्ष से अधिक उम्र के बीमार बुजुर्ग – 37.54 लाख

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *