पिछले दो- चार दिन से सूर्यदेव की चमक से सर्दी से राहत महसूस कर रहे लोग अगर गर्म कपड़ों का भार शरीर से कम करने की सोच रहे हों तो थोड़ा संभल जाएं. ऐसा इसलिए क्योंकि, मौसम में बुधवार से फिर परिवर्तन आने वाला है और गुरूवार से बारिश भी हो सकती है. ऐसे में ठंड के तेवर फिर से हाड़ कंपाने वाले होने की उम्मीद है.दरअसल, पिछले दो चार दिन से सूर्यदेव की चमक सर्दी के तेवरों से राहत प्रदान करने वाली साबित हो रही है. यही वजह है कि अधिकतम तापमान में उछाल दर्ज की जा रही है, जबकि रात का तापमान ठिठुरन पैदा कर रहा है. मौसम की इसी असमानता के बीच एक सशक्त पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है. चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ एसएन पांडेय के अनुसार, वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से बुधवार से आसमान पर घने बादल छाए रहेंगे. इसकी वजह से पूरे कानपुर मंडल में छह जनवरी से बारिश की गतिविधियां शुरू हो जाएंगी. वेदर न्यूमेरिकल मॉडल के आधार पर उन्होंने कहा कि कानपुर में गुरूवार से अगले चार दिनों तक रूक रूककर बारिश हो सकती है. यह बारिश कहीं पर हल्की तो कहीं पर भारी मात्रा में होगी. ऐसे में हर किसी को सर्दी के तेवरों से सतर्क रहने की जरूरत है. बारिश की संभावनाओं को देखते हुए उन्होंने किसानों को बुधवार के बाद से सिंचाई गतिविधियां स्थगित रखने को कहा है l
2022-01-04
