कन्नौज में आयकर का छापा : सपा एमएलसी के घर खत्म हुई रेड, अब बरामद दस्तावेजों की जांच करेगा विभाग
Tue, 04 Jan 2022
कन्नौज में समाजवादी पार्टी के एमएलसी समेत दो इत्र कारो बारियों के यहां चल रहा आयकर विभाग का छापा मंगलवार को खत्म हो गया। टीम कारोबारियों के यहां से जब्त प्रपत्रों की जांच करेगी। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शहर के मोहल्ला छिपट्टी निवासी सपा एमएलसी पुष्पराज जैन पम्पी और मोहल्ला मंडई निवासी फौजान मलिक के घर शुक्रवार सुबह आयकर की टीम ने छापेमारी की कार्रवाई शुरू की थी। सोमवार को टीम पम्पी जैन को कानपुर के तिलक नगर स्थित रतन प्रेसीडेंसी उनके भाई अतुल जैन के फ्लैट पर लेकर गई। यहां सील खुलवाकर बंद कमरे में जांच की। यहां से टीम पम्पी को उनके आनंदपुरी में रहने वाले बहनोई डा. अनूप जैन के घर लेकर गई। जहां टीम ने जांच की। इसके बाद टीम ने मंगलवार सुबह पम्पी को कन्नौज स्थित उनके आवास पर छोड़ दिया। आयकर विभाग का छापा पूरा होने के बाद उनके घर और कारखाना पर तैनात पुलिसकर्मी वापस चले गए। इस छापेमारी के दौरान आयकर अफसरों को फौजान के कन्नौज और दिल्ली के आवास पर चार लाकर मिले थे। जिन्हें टीम ने सील कर दिया है। साथ ही टीम यहां से कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज लेकर गई। पम्पी के यहां से भी टीम दस्तावेज ले गई है। टीम अब इन दस्तावेजों की जांच करेगी। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है छह-सात दिन में फौजान के सील लाकरों की भी जांच की जाएगी।
इसके साथ ही इत्र कारोबारी फौजान मलिक के घर के नीचे बने आफिस से टीम ने 10 कंप्यूटरों की हार्डडिस्क जब्त की थीं। माना जा रहा है कि इनमें से कारोबार से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं। अब टीम इनकी जांच करेगी।
पम्पी जैन के घर से मिला यह सामान: आयक अफसरों के मुताबिक पम्पी जैन के कन्नौज स्थित आवास से 50 लाख रुपये नकद, 60 लाख रुपये की चांदी और 30 लाख रुपये के सोने के जेवर मिले हैं।
फौजान मलिक से इन चीजों की हुई बरामदगी: आयकर अफसरों के मुताबिक फौजान के दिल्ली की फ्रेंड्स कालोनी में तीन बंगले हैं। उनके घर से 1.65 करोड़ रुपये के जेवर मिले हैं। साढ़े तीन करोड़ की नकदी भी बताई जा है। उर्दू में लिखे बहीखाते भी मिले हैं। इसके अलावा टीम ने कन्नौज के घर में लगे कंप्यूटरों से हार्ड डिस्क भी कब्जे में की है।
घर में रहे पम्पी, भाई ने की पूजा: आयकर छापा पूरा होने के बाद पम्पी घर के अंदर ही रहे। जबकि उनके छोटे भाई अतुल जैन मंगलवार सुबह जैन मंदिर पूजा-अर्चना करने गए। उन्होंने मीडिया से बात नहीं की। छापेमारी संबंधित जब उनसे सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि एक-दो दिन बाद आना तब बताएंगे। यह भी कहा वह सभी लोग ठीक हैं।
