देश के सबसे बड़े पान मसाला ब्रांड्स में से एक शिखर पान मसाला डीजीजीआई छापों की जद में आ ही गया

कानपुर : देश के सबसे बड़े पान मसाला ब्रांड्स में से एक शिखर पान मसाला डीजीजीआई छापों की जद में आ ही गया। इन छापों की कमान भी इत्र कारोबारी पीयूष जैन के घर से 200 करोड़ रुपए निकालने वाली डीजीजीआई अहमदाबाद विंग के हाथों में है। कानपुर में शिखर का कारोबार संभालने वाले दो प्रमुख लोगों को पूछताछ के लिए उठाया गया है।
अहमदाबाद में गणपति रोड लाइंस के चार ट्रकों से शिखर पान मसाला बरामद होने के बाद से ही समूह जांच एजेंसियों के निशाने पर था। पीयूष जैन के घर से अप्रत्याशित रूप से 200 करोड़ रुपए बरामद होने के बाद जांच की दिशा उस तरफ घूम गई थी। जांच की इसी कड़ी में विंग को शिखर पान मसाला के खिलाफ टैक्स चोरी के पुख्ता प्रमाण मिले। सील किए गए दस्तावेजों के माइक्रो आडिट में बोगस सेल परचेज मिलने के बाद रविवार को डीजीजीआई अहमदाबाद विंग के अधिकारियों ने फिर कानपुर में छापे मारे।
विंग ने शिखर का कामकाज देखने वाले बेहद खास दो लोगों को पूछताछ के लिए उठाया है। इसमें से एक हैं अनिल अग्रवाल और दूसरे हैं पवन मित्तल। बताया जाता है कि अनिल अग्रवाल लायजनर हैं। पान मसाले से जुड़े विभाग और रसूखदार लोगों के ‘संपर्क’ में रहने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उनकी है। कारोबार से जुड़ी बाधाओं को दूर करने का जिम्मा भी उन्ही का है जबकि पवन मित्तल फैक्टरी सहित सारा कामकाज संभालते हैं। कच्चे-पक्के का हिसाब भी पवन मित्तल के जिम्मे है। विंग ने रविवार को दोनों को पूछताछ के लिए उठाया है। पिछले 16 घंटे से दोनों से पूछताछ जारी है।
सूत्रों के मुताबिक शिखर पान मसाला के मालिक प्रदीप कुमार अग्रवाल से भी जल्द पूछताछ की जाएगी। प्रदीप कुमार अग्रवाल दिल्ली में बैठते हैं और शिखर का कारपोरेट आफिस भी दिल्ली में है। इस सिलसिले में जल्द कंपनी के दूसरे निदेशकों पर भी कार्यवाही की तैयारी है।
कानपुर से निकलकर शिखर पान मसाला आज देश के पान मसाला ब्रांड्स के शिखर पर है। 10 जुलाई 1998 को इन कॉर्पोरेट शिखर गुटखा प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक प्रदीप कुमार अग्रवाल और दीपक अग्रवाल हैं। इसकी ऑथराइज्ड शेयर कैपिटल वैल्यू 5 लाख रुपए है और पेड अप वैल्यू केवल 1 लाख 2 हजार रुपए है। बताया जाता है कि शिखर समूह का कारोबारी साम्राज्य करीब 50 हजार करोड़ रुपए का है। पान मसाले के अलावा रीयल इस्टेट और हास्पिटैलिटी सेक्टर में भी समूह का निवेश है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *