स्वामी प्रसाद मौर्य के भाजपा छोड़ने के ऐलान के बाद अब कानपुर में पार्टी को लगा झटका

कानपुर l स्वामी प्रसाद मौर्य के भाजपा छोड़ने के ऐलान के बाद अब कानपुर में पार्टी को झटका लग सकता है. बताया जा रहा है कि स्वामी प्रसाद के करीबी और​ बिल्हौर से विधायक भगवती प्रसाद सागर भी भाजपा छोड़ सकते हैं. भगवती प्रसाद सागर ने लखनउ में स्वामी प्रसाद मौर्य से मुलाकात की भी की है l
मंगलवार को उस समय बीजेपी को बड़ा झटका लगा, जब स्वामी प्रसाद मौर्य ने योगी कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया. इसके बाद स्वामी प्रसाद मौर्य के करीबियों को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं. इसी कड़ी में कानपुर में बिल्हौर सुरक्षित सीट से विधायक भगवती प्रसाद सागर भी मंगलवार को लखनऊ पहुंच गए. बताया जा रहा है कि वह सीधे स्वामी प्रसाद मौर्य के आवास पहुंचे. यहां बंद कमरे में विधायक भगवती प्रसाद सागर और स्वामी प्रसाद मौर्य की काफी देर तक बातचीत चली. इस बात की पुष्टि विधायक भगवती प्रसाद सागर के एक करीबी ने भी की है. हालांकि, विधायक के भाजपा छोड़ने को लेकर फिलहाल ठोस बात नहीं की गई है लेकिन राजनीतिक हलकों में यह बात तेज हो गई है कि भगवती प्रसाद सागर का भी भाजपा से मोहभंग होना तय है. भाजपा के ही सूत्र यह बताते है कि भगवती प्रसाद सागर का बिल्हौर सीट से इस बार टिकट तय नहीं माना जा रहा था. उनके टिकट कटने की अटकलें भी लगाई जा रही थीं l
चर्चा है कि बीजेपी इस बार बिल्हौर सुरक्षित सीट से मिश्रिख लोकसभा से सांसद रह चुकीं अंजूबाला पर दांव खेल सकती है. ऐसे में राह में स्पीड ब्रेकर देखकर विधायक भगवती प्रसाद सागर अपना पैंतरा खेल सकते हैं. फिलहाल सभी की नजरें लखनऊ में हो रही मुलाकात पर टिकी हुई हैं. बता दें कि साल 2017 में बसपा से भाजपा में भगवती प्रसाद सागर को पार्टी ने बिल्हौर से उतारा था. इसी के बाद बिल्हौर विधानसभा में पहली बार बीजेपी ने सफलता का स्वाद चखा था. अब भगवती प्रसाद सागर के पार्टी छोड़ने से यहां का चुनाव काफी दिलचस्प होने की उम्मीद है. दलित वोटबैंक किस तरफ जाएगा, इसको लेकर अटकलें लगना शुरू हो गई हैं. माना जा रहा है कि भगवती प्रसाद सागर भी बीजेपी छोड़कर सपा में जा सकते हैं और ​उन्हें समाजवादी पार्टी बिल्हौर से फिर चुनाव में उतार सकती है l

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *