अधिक से अधिक मतदान कराने के उद्देश्य से एक बैठक सम्पन्न हुयी

कानपुर नगर l जिलाधिकारी/ जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विशाख जी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी विधान सभा सामान्य निर्वाचन-2022 में जनपद में मतदान प्रतिशत बढाने व 20 फरवरी, 2022 को अधिक से अधिक मतदान कराने के उद्देश्य से एक बैठक सम्पन्न हुयी। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में वोटिंग प्रतिशत एक चिन्ता का विषय रहा है। जनपद का वोटिंग प्रतिशत आस पास के जनपदों की अपेक्षा काफी कम रहता है। उन्होंने कहा कि जनपद में लगभग 35 लाख मतदाता है। उन्होंने कहा कि जनपद का वोटिंग प्रतिशत बढाने के लिये लोगों को जागरुक करना अति आवश्यक है, जिसके लिये स्वीप (मतदाता जागरुकता कार्यक्रम) के अन्तर्गत एक ठोस रणनीति बनाकर कार्य करने की आवश्यकता है, जिसमें सभी लोगों का सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने कहा कि मतदान दिवस दिनांक 20 फरवरी, 2022 को होने वाले मतदान में अधिक से अधिक लोगों को मतदान करने हेतु प्रेरित किया जाये, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोग अपनी सहभागिता सुनिश्चित कराये और मतदान करें। उन्होंने कहा कि महिला मतदाताओं पर विशेष जोर देते हुये उनका शतप्रतिशत मतदान कराये जाने हेतु अधिक से अधिक जागरुक किया जाये। उन्होंने मतदाताओं को जागरुक करने के उद्देश्य से स्लोगन तैयार करने जैसे सारे काम छोड दो, सबसे पहले वोट दो। मेरा वोट, मेरा अधिकार। हम सबकी पहचान, वोट का निशान। पहले मतदान, फिर जलपान जैसे आदि स्लोगन तैयार करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि नये एवं युवा मतदाताओं को प्रेरित करते हुये अधिक से अधिक मतदान कराया जाये। उन्होंने कानपुर वासियों का आवहन किया कि वह अधिक से अधिक मतदान कर जनपद का नाम रोशन करे। उन्होंने मतदाता जागरुकता हेतु स्लोगन, जिंगल्स, मतदाता जागरुकता सांग तैयार करने के निर्देश दिये।
उन्होंने कहा कि हम लोगों का उद्देश्य यह होना चाहिए कि अन्य जनपदों की अपेक्षा अपने जनपद में भी मतदान का प्रतिशत बढ सके। उन्होंने कहा कि मतदाता जागरुकता कार्यक्रम के लिये एक कलेण्डर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि हमें दिव्यांग और 80 वर्ष से अधिक उम्र के अलावा समस्त प्रकार के वोटरों को मतदान के प्रति जागरुक करते हुये अधिक से अधिक मतदान कराना होगा। उन्होंने कहा कि मतदान वाले दिन अवकाश रहेगा, इसको ध्यान में रखते हुये मतदाताओं का आवहन करना होगा कि सभी मतदाता यहीं पर रहे और वह शतप्रतिशत मतदान करें। उन्होंने कहा कि सुरक्षित मतदान हेतु हमें मतदाताओं के वैक्सीनेशन पर भी ध्यान देना होगा, जिससे शतप्रतिशत मतदाताओं का वैक्सीनेशन कराया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर कोविड हेल्प डेस्क रहेगा। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को जागरुक करने के लिये ग्रामीण क्षेत्रों में सप्ताह में एक दिन प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक मतदाता जागरुकता चौपाल का आयोजन किया जाये, जिसमें संबंधित ग्राम पंचायत सचिव, लेखपाल, बी0एल0ओ0 सहित अन्य ग्राम विकास से संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा प्रतिभाग किया जायेगा तथा प्रत्येक आर0ओ0 एवं ए0आर0ओ0 द्वारा अपनी-अपनी विधान सभा के ग्राम पंचायतों में आयोजित होने वाली कम से कम तीन मतदाता जागरुकता चौपाल में प्रतिभाग किया जाये।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (भू0/आ0) श्री सतेन्द्र कुमार सिंह, समस्त विधानसभा के आर0ओ0, सिविल डिफेन्स, एन0सी0सी0, व्यापार मण्डल के अलावा सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कमल किशोर सहित सभी संबंधित विभागों व संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *