कन्नौज : प्रशासन ने गिरवाया अटल चौक तो चेयरमैन धरने पर बैठे, एसडीएम सदर से हुई नोकझोंक
Wed, 12 Jan 2022
कन्नौज नगर पालिका बोर्ड द्वारा प्रस्तावित अटल चौक को प्रशासन ने अचानक गिरवाना शुरू कर दिया। जिसको लेकर पालिकाध्यक्ष से कहासुनी हो गई। इसके बाद चेयरमैन धरने पर बैठ गए और एसडीएम पर सपाई मानसिकता का होने का आरोप लगा दिया।
नगर पालिका बोर्ड ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर गैस एजेंसी क्रासिंग पर अटल चौक बनाने का प्रस्ताव पारित किया था। इसके लिए बजट भी निर्धारित किया गया था। बुधवार की देर शाम सदर एसडीएम उमाकांत तिवारी जेसीबी लेकर अटल चौक का चौक को गिरवाने लगे। जानकारी होने पर पालिकाध्यक्ष शैलेंद्र अग्निहोत्री अपने समर्थकों के साथ मौके पर पंहुचे और चौक गिरवाने का विरोध किया। इस पर उनकी एसडीएम से नोकझोंक हुई। समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। इस मामले में एक वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें भारतीय जनता पार्टी मुर्दाबाद और पुलिस प्रशासन हाय हाय के नारे सुनाई पड़ रहे हैं। हालांकि दैनिक जागरण ऐसे किसी भी वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
नारेबाजी होते देख एसडीएम ने सदर कोतवाली से फोर्स को बुला लिया। विरोध में चेयरमैन अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए। इस संबंध में एसडीएम से बात नहीं हो पाई। बता दें कि इससे पहले भी एक बार प्रशासन ने चौक को गिरवा दिया था। उस समय राष्ट्रीय राजमार्ग की जमीन पर बनने का हवाला प्रशासन ने दिया था। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि एसडीएम सपाई मानसिकता से ग्रसित हैं। नगर पालिका को बिना बताए उन्होंने चौक को गिरवा दिया, जबकि पालिका बोर्ड में उसका बकायदा प्रस्ताव किया गया है।
