गला घोटकर ट्रक क्लीनर की हत्या, सड़क किनारे मिला शव

कानपुर देहात के सिकंदरा थानाक्षेत्र के पिडार्थू नहर झाल संपर्क मार्ग के पास ट्रक क्लीनर भारतेंदु कटियार की गला घोटकर हत्या कर शव को फेंक दिया गया। ग्रामीणों ने शव देखा तो भीड़ जमा हो गई। पुलिस व फील्ड यूनिट ने पहुंचकर छानबीन की व साक्ष्य एकत्र किए। परिवार ने एक युवती से प्रेम संबंध में हत्या किए जाने की बात कही है। पुलिस इस बिदु पर जांच कर रही है।

थाना मंगलपुर के ग्राम मुजफ्फर पुर निवासी 28 वर्षीय ट्रक क्लीनर भारतेंदु कटियार उर्फ लालू का शव सिकंदरा के पिडार्थू नहर झाल संपर्क मार्ग किनारे पड़ा मिला। उसकी गर्दन पर काले घेरे का निशान था साथ ही पीठ पर भी हल्की चोट थी। बुधवार पूर्वाह्न 11 बजे के करीब एक ग्रामीण उधर से गुजरा तो शव देख दंग रह गया। इसके बाद सिकंदरा सीओ रविकांत व थाना प्रभारी शैलेंद्र मिश्रा टीम संग पहुंचे। शिनाख्त के बाद भारतेंदु की मां नीलेश व भाई विकास को जानकारी दी। विकास ने बताया कि मंगलवार शाम को घर से गांव में किसी दुकान पर जाने की बात कहकर भाई निकला था। रात तक वापस न आने पर चिता हुई तो उसके मोबाइल पर फोन किया, उसने सिकंदरा के एक ढाबे पर होने की बात कही। इसके कुछ देर बाद मोबाइल स्विच आफ हो गया। बुधवार सुबह ग्रामीणों संग उसकी खोजबीन में लगे पर कुछ देर बाद हत्या कर शव फेंके जाने की सूचना आ गई। विकास कटियार ने पुलिस को बताया कि पड़ोस के एक गांव की युवती से उसके भाई के प्रेम संबंध थे, उस युवती को अपने घर पर भी ला चुका था। युवती के स्वजन ने ही हत्या कर शव यहां फेंका है। इधर फील्ड यूनिट की टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। एएसपी घनश्याम चौरसिया ने बताया कि गला घोटकर हत्या की गई है। प्रेम संबंध के बिदु पर जांच चल रही है। जल्द राजफाश किया जाएगा।

मोबाइल फोन व जूते गायब

भारतेंदु का मोबाइल फोन व उसके जूते दोनों गायब हैं। पुलिस ने आसपास काफी तलाश किया पर कुछ पता नहीं चल सका है। फोन भी बंद आ रहा है। आशंका है कि हत्यारे उसका मोबाइल फोन लेकर चले गए और उसे बंद कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *