हमीरपुर में नशे में धुत अपराधी युवक ने घर में घुसकर किया हंगामा, महिलाओं से अभद्रता पर ग्रामीणों ने बंधक बनाकर पीटा
Sat, 15 Jan 2022
हमीरपुर क्षेत्र के ग्राम पंधरी में नशे में अपराधी युवक बुरी नियत के चलते गांव में ही अनुसूचित जाति के युवक के घर में घुस गया और महिलाओं से अश्लीलता शुरू कर दी। महिलाओं के शोर मचाने पर एकत्र हुए ग्रामीणों ने युवक को दबोच कर बंधक बना लिया और जमकर पीटा। बाद में उसे पुलिस के सुपुर्द किया गया।
पंधरी गांव निवासी दीपक तिवारी उर्फ विकास दुबे के खिलाफ थाने में कई मामले दर्ज हैं। गांव में इसकी दबंग प्रवृति की छवि है और यह आएदिन शराब के नशे में लोगों के साथ अकारण गाली गलौज कर मारपीट करता है। शनिवार को सुबह इसने जमकर शराब पी और दोपहर में बुरी नियत के उद्देश्य से एक घर में घुस गया। घर पर महिलाएं मौजूद थी। महिलाओं को देखकर यह अश्लीलता करते हुए छेडख़ानी करने लगा। महिलाओं के शोर मचाने पर ग्रामीण एकत्र हो गए और घर के अंदर ही इसको दबोच कर बंधक बनाकर जमकर पीटा। इसके बाद पुलिस को सूचित करके उसके हवाले कर दिया गया। थाना प्रभारी रामेंद्र तिवारी ने पीडि़ता की तहरीर पर घर में घुसकर छेडख़ानी करने एवं दलित उत्पीडऩ एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
