रसूलाबाद सीएचसी रसूलाबाद क्षेत्र में पाल नगर निवासी एक महिला के संक्रमित मिलने पर टीम संपर्क में रहे लोगों का सैंपल लेने गई थी। ग्रामीणों ने सैंपल देने से इन्कार कर दिया और लोगों को खदेड़ लिया। भयभीत चिकित्सक दल ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस के साथ जाने पर 15 लोगों के नमूने लिए जा सके।
सीएचसी के डाक्टर प्रदीप यादव ने बताया की सीएचसी में नेत्र चिकित्सक डाक्टर अमित सक्सेना को आंख दिखाने आई पाल नगर निवासी महिला का कोरोना टेस्ट किया गया था। सोमवार को उनकी रिपोर्ट संक्रमित आई। इस पर डा. प्रदीप यादव, फार्मासिस्ट राममोहन व एलटी ब्रजकिशोर के साथ गांव गए और महिला के संपर्क में आने वाले परिवारीजनों व क्षेत्र के लोगों के सैंपल लेने की बात कही। ग्रामीणों ने बीते वर्ष की भांति अस्पताल में ले जाकर भर्ती कर दिए जाने के भय के कारण चिकित्सक दल को अपशब्द कहते हुए गांव से दौड़ा लिया। भागे चिकित्सकों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और ग्रामीणों की दहशत के कारण पुलिस बल के साथ ही मौके पर दोबारा गए और गांव जाकर महिला के संपर्क में आए 15 लोगों के नमूने एकत्रित कर उन्हें मेडिकल किट दी।
