कानपुर में कोरोना की रफ्तार आउट आफ कंट्रोल बनी हुई है. गुरूवार को कानपुर में कोरेाना के 564 नए मामले सामने आए. आइआइटी, मेडिकल कॉलेज और एचबीटीयू के बाद अब उर्सला और केपीएम हॉस्पीटल में भी कोरोना के नए मामले मिलना शुरू हो गए हैं. एडीएम कार्यालय में भी कोरोना संक्रमित मिलने से हड़कंप मच गया l
सीएमओ की रिपोर्ट के अनुसार, गुरूवार को कानपुर में कोरेाना संक्रमण के 564 नए मामले सामने आए हैं. इसके साथ ही एक्टिव केस की संख्या 3152 पर पहुंच गई है. आइआइटी में लगातार 23वें दिन कोरोना के नए संक्रमितों के मिलने का सिलसिला जारी रहा, तो एक हॉटस्पॉट बने जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में नए कोरोना संक्रमित तेजी से मिलते जा रहे हैं. सीएमओ की रिपोर्ट में बताया गया कि गुरूवार को उर्सला अस्पताल परिसर, केपीएम हॉस्पीटल में भी कोरेाना के नए संक्रमित मिले. यही नहीं, एचबीटीयू में भी कोरोना के लगातार नए संक्रमित मिल रहे हैं l
हालांकि, राहत की बात यह है कि तेजी से मिल रहे नए संक्रमितों के बावजूद ज्यादा गंभीर मामले सामने नहीं आ रहे हैं. अधिकतर मामले होम आइसोलेशन में ही ठीक हो रहे हैं. गुरूवार को जहां तीन कोरेाना संक्रमितों के स्वस्थ होने पर उन्हें हैलट से डिस्चार्ज किया गया, वहीं 510 संक्रमित होम आइसोलेशन में ठीक हो गए. गुरूवार को 7496 लोगों की कोरोना टेस्टिंग की गई l
2022-01-20
