कोहरा छाने से यातायात प्रभावित, तापमान गिरने से बढ़ी सर्दी

कानपुर देहात में एक दिन पहले तापमान बढ़ने के बाद फिर से नीचे गिर गया। गुरुवार को सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा और यातायात प्रभावित हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान में 2.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, इसके साथ ही अधिकतम तापमान में भी 3.6 डिग्री की कमी हुई। इससे सुबह व शाम के बाद सर्दी का अधिक अहसास हुआ। वहीं दोपहर में धूप निकलने से कुछ राहत मिली।

मंगलवार को तापमान नीचे गिरा था, जिससे सर्दी अधिक लग रही थी। लेकिन बुधवार को तापमान बढ़ा व धूप निकली तो कुछ राहत लोगों ने महसूस की थी, लेकिन गुरुवार को फिर तापमान गिर गया। न्यूनतम तापमान 4. 2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं अधिकतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे सुबह व शाम के बाद अधिक सर्दी का सामना लोगों को करना पड़ा। हवा भी 2.2 डिग्री किमी प्रति घंटा रफ्तार से चली इससे गलन ने परेशान किया। हालांकि दोपहर में धूप खिली तो हल्की राहत लोगों ने महसूस की, लेकिन शाम होते होते फिर मौसम ठंडा हो गया। सर्दी से बचाव के लिए दिन में भी लोग अलाव तापते रहे। चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि जम्मू कश्मीर के साथ ही अन्य पहाड़ी क्षेत्र में हो रही बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट हो रही है। वहीं आगामी दिनों में 22 व 23 जनवरी को हल्की बारिश की संभावना है। ओलावृष्टि भी हो सकती है। इससे सर्दी का अधिक अहसास होगा।

फसल में रुककर करें छिड़काव

कृषि विज्ञानी ने सलाह दी है कि मौसम को देखते हुए कीटनाशक, खरपतवार नाशक व अन्य केमिकल व दवाओं का छिड़काव किसान फसल में रुककर करें। मौसम सामान्य होने पर छिड़काव कर सकते हैं।

धीमी रही यातायात की चाल

सुबह कोहरा छाए रहने से यातायात की चाल धीमी रही। हाईवे पर तो दिन के उजाले में भी दृश्यता कम होने से लाइट जलाकर धीमी रफ्तार से वाहन सवार गुजरे। जिले के प्रमुख मार्ग पर भी यही हाल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *